BJP महिला नेत्री पर नौकरी के नाम पर वसूली का आरोप; नौकरी का झांसा देकर 2 लाख रुपये लेने का आरोप, पद से हटाईं गईं
KSK और प्रकाश इंडस्ट्रीज में नौकरी दिलाने का दिया था भरोसा, पैसे वापस मांगने पर झूठे केस में फंसाने की धमकी देने का आरोप; युवक ने SP से की शिकायत

जांजगीर-चांपा। नौकरी की तलाश कर रहे बेरोजगार युवक को औद्योगिक कंपनी में नौकरी दिलाने का भरोसा देकर दो लाख रुपये लेने का मामला सामने आया है। आरोप भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश कार्यसमिति सदस्य पूजा राठौर पर लगा है। रायपुर निवासी युवक ने पुलिस अधीक्षक से शिकायत कर रकम वापस दिलाने और एफआईआर दर्ज करने की मांग की है। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि पैसे वापस मांगने पर उसे छेड़छाड़ और दुष्कर्म जैसे गंभीर मामलों में फंसाने की धमकी दी गई। मामला सामने आने के बाद पूजा राठौर को पुलिस परिवार परामर्श केंद्र के काउंसलर पद से हटाए जाने की जानकारी भी सामने आई है।
शिकायतकर्ता रायपुर के तेलीबांधा निवासी श्रवण गुप्ता के अनुसार, वह पिछले एक-दो साल से बेरोजगार था और नौकरी की तलाश कर रहा था। इसी दौरान भाजपा के प्रदेश कार्यालय में आयोजित जनदर्शन कार्यक्रम के दौरान उसकी मुलाकात पूजा राठौर से हुई।
आरोप है कि पूजा राठौर ने जांजगीर-चांपा जिले की बड़ी औद्योगिक कंपनियों में अपनी पहचान होने की बात कहते हुए केएसके और प्रकाश इंडस्ट्रीज में नौकरी लगवाने का भरोसा दिया। इसके एवज में तीन लाख रुपये देने की बात तय हुई थी।
डेढ़ लाख नकद और फिर 50 हजार रुपये दिए
शिकायत के मुताबिक, श्रवण गुप्ता ने नौकरी की उम्मीद में पहले डेढ़ लाख रुपये नकद दिए। इसके कुछ दिन बाद 50 हजार रुपये और दिए। इस तरह कुल दो लाख रुपये देने का दावा किया गया है।
युवक का आरोप है कि रकम लेने के बावजूद न तो नौकरी लगवाई गई और न ही पैसे वापस किए गए। लंबे इंतजार के बाद जब उसने अपनी रकम वापस मांगी तो उसे कथित तौर पर गंभीर आपराधिक मामलों में फंसाने की धमकी दी गई।
SP से शिकायत, FIR दर्ज करने की मांग
मामले में श्रवण गुप्ता ने 12 नवंबर 2026 को जांजगीर-चांपा के पुलिस अधीक्षक के समक्ष लिखित शिकायत प्रस्तुत की। उसने पूरे मामले की जांच कराने, एफआईआर दर्ज करने और दो लाख रुपये वापस दिलाने की मांग की है।
काउंसलर पद से हटाई गईं पूजा राठौर
पूजा राठौर भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश कार्यसमिति सदस्य होने के साथ पुलिस के परिवार परामर्श केंद्र में काउंसलर के रूप में भी काम कर रही थीं। शिकायत सामने आने के बाद उन्हें इस जिम्मेदारी से हटाए जाने की जानकारी मिली है।
