Trending
बिलासपुर, 25 मई 2026। बिलासपुर पुलिस ने ऑनलाइन सट्टे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए “खिलाड़ी बुक” नामक पैनल से विभिन्न खेलों पर सट्टा खिलाने वाले आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सिविल लाइन थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि मंगला स्थित एचडीएफसी बैंक के पास मोबाइल फोन के जरिए ऑनलाइन सट्टा संचालित किया जा रहा है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर रेड कार्रवाई कर संतोष जसवानी, करन श्रीवास, आशीष जसवानी और एक विधि से संघर्षरत बालक को हिरासत में लिया। पुलिस की पूछताछ और जांच में सामने आया कि आरोपी ऑनलाइन पैनल के माध्यम से विभिन्न खेलों पर सट्टा संचालित कर रहे थे।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 5 मोबाइल फोन, विभिन्न बैंकों के 27 एटीएम कार्ड, 13 लाख 48 हजार रुपये नगद, एक टाटा कार और एक स्कूटी जब्त की है। जब्त सामान की कुल कीमत करीब 22 लाख 63 हजार रुपये आंकी गई है।
जांच में यह भी खुलासा हुआ कि आरोपी संतोष जसवानी सट्टे की रकम को आशीष जसवानी के माध्यम से आगे पहुंचाने का काम कर रहा था। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 7(2) और बीएनएस की धारा 112 के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
इधर, बिलासपुर पुलिस ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क से जुड़े बड़े और फरार सटोरियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है। फरार आरोपी रोहित पंजवानी, सागर चेतवानी और राज चेतानी के खिलाफ लुक आउट सर्कुलर जारी किया गया है।