कोरबा में गुस्साए हाथी का ट्रैक्टर पर हमला, चंद सेकंड में बना दिया कबाड़; बाल-बाल बचे ग्रामीण, VIDEO वायरल
कुदमुरा रेंज के जिल्गा जंगल में सामने आई घटना, इलाके में 11 हाथियों का दल कर रहा विचरण; अचानक सामने आए हाथी ने ट्रैक्टर के अगले हिस्से को किया क्षतिग्रस्त
कोरबा। छत्तीसगढ़ में हाथियों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। सरगुजा संभाग के बाद अब बिलासपुर संभाग के कोरबा जिले में जंगली हाथी के हमले की डरावनी घटना सामने आई है। यहां जंगल के रास्ते से गुजर रहे ग्रामीणों के ट्रैक्टर पर एक हाथी ने अचानक हमला कर दिया। हाथी ने ट्रैक्टर को बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया। गनीमत रही कि ट्रैक्टर में सवार ग्रामीणों ने किसी तरह भागकर अपनी जान बचा ली।
इस घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें हाथी का आक्रामक रूप और ट्रैक्टर को पहुंचा नुकसान देखा जा सकता है। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
जिल्गा के जंगल में अचानक सामने आया हाथी
जानकारी के मुताबिक, घटना कोरबा जिले के कुदमुरा वन परिक्षेत्र के जिल्गा जंगल की है। बताया जा रहा है कि इस इलाके में इन दिनों 11 हाथियों का दल विचरण कर रहा है। इसी दौरान कुछ ग्रामीण ट्रैक्टर से जंगल के रास्ते गुजर रहे थे। तभी अचानक एक हाथी उनके सामने आ गया।
ग्रामीण कुछ समझ पाते, उससे पहले ही हाथी ने ट्रैक्टर की ओर हमला कर दिया। हाथी के हमले से ट्रैक्टर का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
जान बचाने के लिए ट्रैक्टर छोड़कर भागे ग्रामीण
हाथी का हमला इतना अचानक और खतरनाक था कि ट्रैक्टर में सवार लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। ग्रामीण किसी तरह ट्रैक्टर छोड़कर सुरक्षित स्थान की ओर भागे। इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना सामने नहीं आई है।
11 हाथियों के दल की मौजूदगी से बढ़ी चिंता
जिल्गा और आसपास के जंगलों में 11 हाथियों के दल की मौजूदगी के कारण ग्रामीणों की चिंता बढ़ गई है। वन विभाग की टीम घटना की जानकारी जुटा रही है। जंगल से गुजरने वाले ग्रामीणों को सतर्क रहने की जरूरत है।
कोरबा में हाथियों की आवाजाही के बीच यह घटना एक बार फिर मानव-हाथी संघर्ष और ग्रामीणों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े करती है।

