देश - विदेश

नक्सलवाद से निवेश तक… दिल्ली में छत्तीसगढ़ की नई ब्रांडिंग, भारत मंडपम से CM साय ने दिया बड़ा संदेश


नई दिल्ली। छत्तीसगढ़ अब अपनी पहचान को नक्सलवाद और पिछड़ेपन की पुरानी छवि से बाहर निकालकर विकास, निवेश, पर्यटन और समृद्ध जनजातीय संस्कृति के रूप में स्थापित करने की कोशिश में जुटा है। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित 45वें भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में छत्तीसगढ़ ने इसी बदलती तस्वीर को देश-दुनिया के सामने रखा। छत्तीसगढ़ राज्य दिवस के अवसर पर आयोजित सांस्कृतिक समारोह में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रदेश की नई पहचान और विकास की संभावनाओं को लेकर बड़ा संदेश दिया। उन्होंने कहा कि जिस बस्तर और छत्तीसगढ़ की चर्चा कभी नक्सलवाद और चुनौतियों के संदर्भ में होती थी, आज वही प्रदेश अपनी जनजातीय विरासत, लोक संस्कृति, प्राकृतिक सौंदर्य और विकास की संभावनाओं के साथ नई पहचान बना रहा है।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में नजर आ रहा छत्तीसगढ़ का स्वरूप बदलते दौर की कहानी बयां कर रहा है। प्रदेश में परंपरा और आधुनिकता, विरासत और विकास तथा स्थानीय हुनर और आर्थिक संभावनाओं का अनूठा संगम दिखाई दे रहा है।

उन्होंने कहा कि राज्य गठन के बाद यह पहला अवसर है, जब वे इतनी बड़ी संख्या में अपने मंत्रिमंडल के सहयोगियों के साथ अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में शामिल हुए हैं। मुख्यमंत्री के इस बयान को प्रदेश की सांस्कृतिक और औद्योगिक पहचान को राष्ट्रीय स्तर पर मजबूत करने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है।

निवेशकों को छत्तीसगढ़ आने का न्योता

समारोह के मुख्य अतिथि राज्यपाल रमेन डेका ने छत्तीसगढ़ को उद्योग और निवेश की व्यापक संभावनाओं वाला राज्य बताया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में इस्पात, सीमेंट, ऊर्जा, एल्युमिनियम, खाद्य प्रसंस्करण और विनिर्माण जैसे क्षेत्रों में निवेश के अवसर मौजूद हैं।

राज्यपाल ने नवीन औद्योगिक विकास नीति 2024-30 का उल्लेख करते हुए देश-विदेश के उद्योगपतियों और निवेशकों से छत्तीसगढ़ में निवेश करने तथा प्रदेश के विकास में सहभागी बनने का आह्वान किया। उन्होंने कृषि आधारित उद्योगों और लघु वनोपज के प्रसंस्करण पर भी जोर दिया।

राज्यपाल के मुताबिक, स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजार उपलब्ध कराने से किसानों, महिला स्व-सहायता समूहों, शिल्पकारों और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिल सकती है।

ये खबर भी पढ़ें…
Plugin developed by ProSEOBlogger. Get free gpl themes.

बस्तर की कला से कोसा सिल्क तक, पवेलियन में दिखी छत्तीसगढ़ की ताकत

भारत मंडपम में छत्तीसगढ़ का पवेलियन प्रदेश की सांस्कृतिक और आर्थिक विविधता का प्रमुख आकर्षण रहा। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने पवेलियन का भ्रमण कर विभिन्न विभागों और उद्यमियों के स्टॉलों का अवलोकन किया।

इस दौरान उन्होंने बस्तर की पारंपरिक बेलमेटल कला, चांपा के कोसा सिल्क, जनजातीय आभूषणों, हथकरघा वस्त्रों और वनोपज आधारित उत्पादों की जानकारी ली। कोदो, कुटकी और रागी जैसे मिलेट उत्पादों को भी प्रदर्शित किया गया।

मुख्यमंत्री ने चित्रकोट जलप्रपात के 3डी वर्चुअल रियलिटी अनुभव की विशेष सराहना की। इस तकनीक के जरिए देश-दुनिया से आने वाले आगंतुक बस्तर के प्रसिद्ध जलप्रपात की प्राकृतिक सुंदरता का आभासी अनुभव कर सकते हैं। सरकार इसे प्रदेश के पर्यटन स्थलों को आधुनिक तकनीक के माध्यम से प्रचारित करने की पहल के रूप में देख रही है।

मांदर की थाप पर झूम उठा भारत मंडपम

छत्तीसगढ़ राज्य दिवस समारोह में प्रदेश की लोक संस्कृति ने भी अपनी अलग छाप छोड़ी। भारत मंडपम के एम्फी थिएटर में आयोजित कार्यक्रम में लोक कलाकारों ने गौर, गौरा-गौरी, भोजली, राउत नाचा, सुआ, पंथी और करमा नृत्य की प्रस्तुतियां दीं।

पारंपरिक वेशभूषा, आभूषणों और मांदर-ढोल की गूंज के बीच कलाकारों ने छत्तीसगढ़ की जनजातीय और लोक परंपराओं को जीवंत कर दिया। गौर नृत्य में बस्तर की जनजातीय संस्कृति, गौरा-गौरी में लोक आस्था, भोजली में कृषि संस्कृति और पंथी नृत्य में सतनामी समाज की आध्यात्मिक परंपराओं की झलक देखने को मिली।

सुआ और करमा नृत्य की प्रस्तुतियों ने भी दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया। अलग-अलग अंचलों की लोक कलाओं ने राष्ट्रीय राजधानी में छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विविधता को एक मंच पर प्रस्तुत किया।

साय सरकार के कई मंत्री और वरिष्ठ नेता रहे मौजूद

छत्तीसगढ़ राज्य दिवस समारोह में राज्यपाल रमेन डेका मुख्य अतिथि और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय अध्यक्ष के रूप में शामिल हुए। केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, उप मुख्यमंत्री अरुण साव और विजय शर्मा सहित पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल, गुरु खुशवंत साहेब और श्याम बिहारी जायसवाल भी मौजूद रहे।

इसके अलावा राज्यसभा सांसद देवेंद्र प्रताप सिंह, पूर्व सांसद प्रदीप गांधी, सीएसआईडीसी अध्यक्ष राजीव अग्रवाल, खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड अध्यक्ष राकेश पाण्डेय और वक्फ बोर्ड अध्यक्ष डॉ. सलीम राज सहित कई जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

भारत मंडपम में आयोजित इस कार्यक्रम के जरिए छत्तीसगढ़ ने अपनी सांस्कृतिक विरासत, औद्योगिक संभावनाओं और पर्यटन स्थलों को राष्ट्रीय मंच पर प्रदर्शित किया। सरकार की कोशिश है कि प्रदेश की पहचान केवल खनिज संपदा या नक्सलवाद तक सीमित न रहे, बल्कि निवेश, रोजगार, स्थानीय उत्पादों और पर्यटन के नए अवसरों के साथ छत्तीसगढ़ की एक व्यापक पहचान बने।

cgnews24 Team

CGNews24 Team अनुभवी पत्रकारों और उत्साही लेखकों का एक समर्पित समूह। हमारा लक्ष्य छत्तीसगढ़ के स्थानीय मुद्दों से लेकर देश-दुनिया की प्रमुख घटनाओं की सबसे तेज़, सटीक और निष्पक्ष कवरेज 24x7 आप तक पहुँचाना है। हमसे जुड़ें: संपर्क करें (Email) | हमारी संपादकीय नीति पढ़ें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

होमछत्तीसगढ़ खबरेंराजनीतिWhatsapp