छत्तीसगढ़ खबरें

राष्ट्रीय सचिव पद से देवेंद्र यादव की छुट्टी : भूपेश के OSD का तंज- ‘बाप तो बाप रहेगा’, भाजपा ने भी ली चुटकी


रायपुर, 20 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ कांग्रेस में संगठनात्मक फेरबदल के बाद सियासी घमासान तेज हो गया है। राष्ट्रीय सचिवों की नई सूची सामने आने के बाद पार्टी के भीतर गुटबाजी और नेताओं के बीच खींचतान की चर्चाएं एक बार फिर जोर पकड़ने लगी हैं। भिलाई विधायक देवेंद्र यादव को AICC की पुरानी जिम्मेदारी से मुक्त किए जाने के बाद पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के करीबी नेताओं की सोशल मीडिया पोस्ट ने इस सियासी चर्चा को और हवा दे दी है। वहीं, भाजपा ने भी कांग्रेस की अंदरूनी खींचतान पर तंज कसने का मौका नहीं छोड़ा।

इस पूरे घटनाक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के OSD रहे मनीष बंछोर की सोशल मीडिया पोस्ट खास चर्चा में है। बंछोर ने कांग्रेस की नई राष्ट्रीय सचिवों की सूची साझा करते हुए लिखा- ‘बाप तो बाप रहेगा, जिस डाल पर बैठे उसी को काटोगे तो गिरना तय है… इति सिद्धम।’

पोस्ट के साथ AICC की नई सूची साझा किए जाने के कारण इसे देवेंद्र यादव से जोड़कर देखा जा रहा है। हालांकि, बंछोर ने अपनी पोस्ट में किसी का नाम लेकर सीधे तौर पर टिप्पणी नहीं की है। इसके बावजूद राजनीतिक गलियारों में इस पोस्ट को कांग्रेस के भीतर चल रही गुटीय खींचतान से जोड़कर देखा जा रहा है।

देवेंद्र यादव की जिम्मेदारी बदली, गुजरात का मिला प्रभार

दरअसल, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की मंजूरी के बाद 19 नवंबर को AICC ने 81 सचिवों की नई सूची जारी की थी। इसमें 25 पुराने सचिवों और संयुक्त सचिवों को उनकी मौजूदा जिम्मेदारियों से मुक्त किया गया। इस सूची में देवेंद्र यादव का नाम भी शामिल है।

हालांकि, देवेंद्र यादव को पूरी तरह संगठन से बाहर नहीं किया गया है। कांग्रेस की आधिकारिक वेबसाइट पर उन्हें गुजरात की जिम्मेदारी सौंपे जाने का उल्लेख है। छत्तीसगढ़ के लिए जितेंद्र बघेल और हरनाम सिंह को नए AICC सचिव की जिम्मेदारी दी गई है।

ये खबर भी पढ़ें…
Plugin developed by ProSEOBlogger. Get free gpl themes.

भाजपा सांसद संतोष पांडेय का तंज- अपनी डफली, अपना राग

कांग्रेस के इस घटनाक्रम पर भाजपा ने भी निशाना साधा है। भाजपा के मुख्य प्रवक्ता और राजनांदगांव सांसद संतोष पांडेय ने वीडियो जारी कर कांग्रेस की अंदरूनी राजनीति पर तंज कसा। उन्होंने अपने अंदाज में कहा कि कांग्रेस में द्वेष, क्लेश, कलह और गुटबाजी का माहौल है। उन्होंने ‘अपनी डफली, अपना राग’ जैसे तंज के जरिए पार्टी के नेताओं के बीच चल रही खींचतान पर निशाना साधा।

संतोष पांडेय ने अपने वीडियो में भूपेश बघेल, ताम्रध्वज साहू और देवेंद्र यादव का जिक्र करते हुए कटाक्ष किया। उन्होंने कांग्रेस के संगठनात्मक फेरबदल और तीन प्रभारी सचिवों की जिम्मेदारी बदले जाने को भी अपनी टिप्पणी का हिस्सा बनाया।

कांग्रेस के लिए संगठनात्मक बदलाव के साथ सियासी चुनौती

AICC की नई सूची में छत्तीसगढ़ के लिए जितेंद्र बघेल और हरनाम सिंह को जिम्मेदारी मिली है। वहीं, देवेंद्र यादव को गुजरात का दायित्व दिया गया है। संगठन में इस बदलाव के बीच नेताओं और उनके समर्थकों की सोशल मीडिया प्रतिक्रियाओं ने प्रदेश कांग्रेस की अंदरूनी राजनीति को फिर चर्चा में ला दिया है।

अब सवाल यह है कि कांग्रेस का यह संगठनात्मक बदलाव प्रदेश में पार्टी की गुटीय खींचतान को कम करेगा या आने वाले दिनों में नेताओं के बीच बयानबाजी और तेज होगी। फिलहाल, एक तरफ कांग्रेस में नई जिम्मेदारियों को लेकर चर्चाएं हैं तो दूसरी तरफ भाजपा इस पूरे घटनाक्रम को लेकर लगातार हमलावर है।

cgnews24 Team

CGNews24 Team अनुभवी पत्रकारों और उत्साही लेखकों का एक समर्पित समूह। हमारा लक्ष्य छत्तीसगढ़ के स्थानीय मुद्दों से लेकर देश-दुनिया की प्रमुख घटनाओं की सबसे तेज़, सटीक और निष्पक्ष कवरेज 24x7 आप तक पहुँचाना है। हमसे जुड़ें: संपर्क करें (Email) | हमारी संपादकीय नीति पढ़ें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

होमछत्तीसगढ़ खबरेंराजनीतिWhatsapp