छत्तीसगढ़ खबरें

Bilaspur में श्मशान घाट में बवाल: महिला के शव से छेड़छाड़ का आरोप, तंत्र साधना कर रहे अघोरी को भीड़ ने बेरहमी से पीटा

कोनी के श्मशान घाट में हंगामे के बाद मारपीट का वीडियो वायरल, पुलिस ने कुछ लोगों के खिलाफ दर्ज किया अपराध; जांच में सामने आई आपसी रंजिश की बात


बिलासपुर। न्यायधानी बिलासपुर के कोनी थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। श्मशान घाट में कथित तौर पर तंत्र साधना करने वाले एक व्यक्ति पर भीड़ ने जानलेवा हमला कर दिया। आरोप है कि वह श्मशान घाट में एक महिला के शव के साथ छेड़छाड़ कर तंत्र साधना कर रहा था। इस बात की खबर फैलते ही मौके पर पहुंचे कुछ लोगों ने उसे घेर लिया और बेरहमी से मारपीट शुरू कर दी। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया है, जिसमें कुछ लोग आरोपी को जमीन पर पटककर और घसीटकर पीटते दिखाई दे रहे हैं।

वायरल वीडियो में कथित अघोरी के साथ बेहद हिंसक तरीके से मारपीट होते दिखाई दे रही है। कुछ लोग उसके बाल पकड़कर खींच रहे हैं, तो कुछ उसे जमीन पर पटककर लात-घूंसों से हमला कर रहे हैं। मारपीट इतनी गंभीर थी कि उसके मुंह से खून निकलने लगा | वीडियो साझा करने वाले व्यक्ति ने दावा किया है कि संबंधित व्यक्ति श्मशान घाट में महिला के शव के साथ छेड़छाड़ कर तंत्र साधना कर रहा था। हालांकि, शव के साथ छेड़छाड़ और तंत्र साधना किए जाने के आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हुई है।

गंभीर हालत में CIMS में भर्ती

घटना की सूचना मिलने पर कोनी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायल व्यक्ति को तत्काल उपचार के लिए बिलासपुर के छत्तीसगढ़ आयुर्विज्ञान संस्थान (CIMS) में भर्ती कराया। उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। इस पूरे मामले में पुलिस का बयान वायरल वीडियो के साथ सामने आ रहे दावों से अलग है। पुलिस के मुताबिक, दोनों पक्षों के बीच मारपीट की वजह आपसी रंजिश बताई गई है। पुलिस ने मामले में कुछ लोगों के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

 

cgnews24 Team

CGNews24 Team अनुभवी पत्रकारों और उत्साही लेखकों का एक समर्पित समूह। हमारा लक्ष्य छत्तीसगढ़ के स्थानीय मुद्दों से लेकर देश-दुनिया की प्रमुख घटनाओं की सबसे तेज़, सटीक और निष्पक्ष कवरेज 24x7 आप तक पहुँचाना है। हमसे जुड़ें: संपर्क करें (Email) | हमारी संपादकीय नीति पढ़ें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

होमछत्तीसगढ़ खबरेंराजनीतिWhatsapp