CG-प्रोफेसर की शर्मनाक करतूत: छात्रा को भेजा अश्लील वीडियो, कहा- बात मानो नहीं तो प्रैक्टिकल में दूंगा कम नंबर

टेलीग्राम पर वीडियो भेजने और कथित अश्लील बातचीत से परेशान छात्रा ने दर्ज कराई शिकायत, कोर्ट ने आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेजा
कांकेर। छत्तीसगढ़ के कांकेर में एक छात्रा को टेलीग्राम पर अश्लील वीडियो भेजने और प्रैक्टिकल परीक्षा में कम अंक देने की धमकी देने के आरोप में पुलिस ने एक प्रोफेसर को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान पीयूष कांत नेताम के रूप में हुई है। छात्रा की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस के मुताबिक, छात्रा ने 27 अक्टूबर को सिटी कोतवाली कांकेर में शिकायत दर्ज कराई थी। उसने आरोप लगाया कि 25 सितंबर को आरोपी ने उसे टेलीग्राम के माध्यम से अश्लील वीडियो भेजा। छात्रा का यह भी आरोप है कि प्रोफेसर पहले से उससे अश्लील बातें करता था। शुरुआत में उसने पद और सम्मान के कारण इन बातों को नजरअंदाज किया, लेकिन वीडियो भेजने और प्रैक्टिकल परीक्षा में कम अंक देने की कथित धमकी के बाद वह परेशान हो गई।
डर के कारण पहले परिजनों को नहीं बताई बात
शिकायत के अनुसार, छात्रा ने शुरुआत में डर के कारण इस मामले की जानकारी अपने परिजनों को नहीं दी। जब परेशानी बढ़ी तो उसने परिवार को पूरी घटना बताई। इसके बाद पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।
कृषि महाविद्यालय परिसर से गिरफ्तारी
पुलिस के अनुसार, जांच के दौरान आरोपी के कृषि महाविद्यालय कांकेर परिसर में मौजूद होने की सूचना मिली। इसके बाद सहायक उपनिरीक्षक भुनेश्वरी भगत के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर पीयूष कांत नेताम को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 75(2), 75(3) और 351(2) तथा सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 67(ए) के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपी को 28 अक्टूबर को गिरफ्तार करने के बाद न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।