कवर्धा-बेमेतरा हाईवे पर पशु देखकर भड़के विजय शर्मा, अफसरों को लगाई फटकार; रात में मौके पर बुलाया पेट्रोलिंग वाहन


रायपुर/कवर्धा। कवर्धा-बेमेतरा मार्ग पर सड़क के बीच बैठे पशुओं को देखकर उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा ने नाराजगी जताई। मंगलवार देर रात कवर्धा जाते समय बेमेतरा टोल प्लाजा के पास उन्होंने अपना वाहन रुकवाया और अधिकारियों से हाईवे पेट्रोलिंग व्यवस्था की तत्काल जानकारी ली।

मामला सिर्फ जानकारी लेने तक सीमित नहीं रहा। उप मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को मौके पर हाईवे पेट्रोलिंग वाहन बुलाने के निर्देश दिए। पेट्रोलिंग टीम के पहुंचने के बाद उन्होंने अब तक किए गए पशु रेस्क्यू ऑपरेशन, रोजाना होने वाली पेट्रोलिंग और सड़क से पशुओं को हटाने के लिए की जा रही कार्रवाई की विस्तृत जानकारी ली।

‘पेट्रोलिंग हो रही है तो सड़क पर पशु क्यों?’

उप मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में लिए गए फैसलों के तहत नियमित पेट्रोलिंग के बारे में पूछा। अधिकारियों ने बताया कि पेट्रोलिंग वाहन लगातार मार्ग का निरीक्षण कर रहा है। इसके बाद शर्मा ने मौके पर ही पेट्रोलिंग व्यवस्था की वास्तविक स्थिति की जानकारी ली और अधिकारियों को व्यवस्था में किसी भी तरह की ढिलाई नहीं बरतने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि कवर्धा से बेमेतरा तक हाईवे पर नियमित पेट्रोलिंग सुनिश्चित की जाए और सड़क पर बैठे या विचरण कर रहे पशुओं को तत्काल सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया जाए।

गांवों से भी ली जाएगी पेट्रोलिंग की जानकारी

विजय शर्मा ने पेट्रोलिंग व्यवस्था की निगरानी के लिए कवर्धा-बेमेतरा मार्ग पर पड़ने वाले गांवों के स्थानीय लोगों से भी नियमित फीडबैक लेने के निर्देश दिए। इसका उद्देश्य यह पता लगाना है कि पेट्रोलिंग वाहन वास्तव में नियमित रूप से पूरे मार्ग पर निरीक्षण कर रहा है या नहीं।

रात में सबसे ज्यादा खतरा

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि हाईवे पर पशुओं की मौजूदगी से सिर्फ गौवंश की जान को खतरा नहीं है, बल्कि वाहन चालकों और यात्रियों के लिए भी गंभीर दुर्घटना का जोखिम रहता है। रात में कम दृश्यता के कारण यह खतरा और बढ़ जाता है। उन्होंने पेट्रोलिंग दल को निर्देश दिए कि पशु दिखाई देते ही उन्हें सुरक्षित तरीके से सड़क से हटाया जाए और लगातार मार्ग की निगरानी की जाए।

ये खबर भी पढ़ें…
Plugin developed by ProSEOBlogger. Get free gpl themes.

लापरवाही मिली तो होगी कार्रवाई

विजय शर्मा ने अधिकारियों को स्पष्ट चेतावनी दी कि सड़क सुरक्षा और गौवंश की सुरक्षा के मामले में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उप मुख्यमंत्री ने पेट्रोलिंग व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के साथ-साथ इसकी नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

cgnews24 Team

CGNews24 Team अनुभवी पत्रकारों और उत्साही लेखकों का एक समर्पित समूह। हमारा लक्ष्य छत्तीसगढ़ के स्थानीय मुद्दों से लेकर देश-दुनिया की प्रमुख घटनाओं की सबसे तेज़, सटीक और निष्पक्ष कवरेज 24x7 आप तक पहुँचाना है। हमसे जुड़ें: संपर्क करें (Email) | हमारी संपादकीय नीति पढ़ें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

होमछत्तीसगढ़ खबरेंराजनीतिWhatsapp