साय सरकार की बड़ी ग्लोबल छलांग! छत्तीसगढ़ के लिए 43,600 करोड़ की निवेश प्रतिबद्धताएं, AI डेटा सेंटर पर 41,750 करोड़

रायपुर। छत्तीसगढ़ की वैश्विक निवेश यात्रा को बड़ी कामयाबी मिली है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में तीन दिवसीय सिंगापुर दौरे से प्रदेश को 43,600 करोड़ की प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (FDI) प्रतिबद्धताएं मिली हैं। इनमें सबसे बड़ा प्रस्ताव 41,750 करोड़ के AI-ready डेटा सेंटर कैंपस का है।
मुख्यमंत्री साय के नेतृत्व वाला प्रतिनिधिमंडल बुधवार को सिंगापुर से रायपुर लौटा। सरकार के मुताबिक, एक ही विदेश यात्रा के दौरान छत्तीसगढ़ को मिली यह अब तक की सबसे बड़ी निवेश प्रतिबद्धताओं में शामिल है।
इस दौरे में सिर्फ निवेश प्रस्ताव ही नहीं आए, बल्कि कौशल विकास, AI, डिजिटल इन्फ्रास्ट्रक्चर, सौर ऊर्जा, बैटरी स्टोरेज, एग्री-फूड प्रोसेसिंग, पर्यटन, वन्यजीव संरक्षण और हरित विकास जैसे क्षेत्रों में अंतरराष्ट्रीय साझेदारी की दिशा में भी महत्वपूर्ण बातचीत हुई।
41,750 करोड़ का AI डेटा सेंटर, बदल सकती है डिजिटल इकोनॉमी की तस्वीर
सिंगापुर की Energy Capital Global (ECG) ने छत्तीसगढ़ में 100 मेगावाट क्षमता का AI-ready डेटा सेंटर कैंपस विकसित करने के लिए 41,750 करोड़ के निवेश की प्रतिबद्धता जताई है।
यह परियोजना जमीन पर उतरती है तो छत्तीसगढ़ को AI और आधुनिक डेटा इन्फ्रास्ट्रक्चर के क्षेत्र में देश के उभरते केंद्रों में जगह दिलाने की दिशा में बड़ा कदम हो सकती है।
इसके साथ ही Sunstream Green Energy Pvt. Ltd. की ओर से सौर ऊर्जा, 300 मेगावाट संबंधित बैटरी स्टोरेज और कंपोनेंट्स के क्षेत्र में ₹1,500 करोड़ के निवेश प्रस्ताव की जानकारी दी गई है।
वहीं वैश्विक एग्रीबिजनेस समूह Valency International Pte Ltd को प्रदेश में करीब ₹350 करोड़ के एग्री एवं फूड प्रोसेसिंग और एक्सपोर्ट हब की स्थापना के लिए निवेश का अवसर दिया गया है।
निवेश के साथ रोजगार और स्थानीय कारोबार पर फोकस
सरकार का दावा है कि इन प्रस्तावित परियोजनाओं का असर सिर्फ बड़े उद्योगों तक सीमित नहीं रहेगा। AI, डिजिटल इन्फ्रास्ट्रक्चर और आधुनिक उद्योगों में युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बनने की संभावना है।
इसके अलावा स्थानीय स्टार्टअप और MSME वैश्विक कंपनियों के सप्लायर और बिजनेस पार्टनर के तौर पर जुड़ सकते हैं। एग्री और फूड प्रोसेसिंग परियोजनाओं से किसानों के उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंचाने की संभावनाएं भी बढ़ेंगी।
Singapore से आया Skills का मॉडल, युवाओं को मिलेगा हाईटेक प्रशिक्षण
दौरे का एक अहम परिणाम ITE Education Services, Singapore के साथ हुआ कौशल विकास समझौता रहा।
इस साझेदारी के तहत उद्योगों की जरूरत के मुताबिक पाठ्यक्रम तैयार करने, तकनीकी एवं व्यावसायिक प्रशिक्षण को मजबूत करने और युवाओं को स्किल से रोजगार तक बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में काम किया जाएगा।
SING Forum में दुनिया के सामने रखा छत्तीसगढ़ का मॉडल
Singapore Business Federation द्वारा आयोजित SING Forum-2026 में छत्तीसगढ़ ने निवेश और औद्योगिक संभावनाओं को वैश्विक मंच पर प्रस्तुत किया।
फोरम में सिंगापुर के विदेश मंत्रालय तथा व्यापार एवं उद्योग मंत्रालय की राज्य मंत्री Gan Siow Huang, Singapore Business Federation के चेयरमैन Mark Lee, CEO Kok Ping Soon सहित Mastercard, Nestlé और IHCL (Taj Hotels) जैसी कंपनियों के प्रतिनिधि शामिल हुए।
फायरसाइड चैट में मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में छत्तीसगढ़ उद्योगों की जरूरतों के अनुरूप सुधारों को तेजी से आगे बढ़ा रहा है। सरकार का लक्ष्य है कि प्रदेश में आने वाला निवेश रोजगार और स्थानीय अर्थव्यवस्था की मजबूती का माध्यम बने।
सिंगापुर के विदेश मंत्री से मुलाकात
मुख्यमंत्री साय ने सिंगापुर के विदेश मंत्री Dr. Vivian Balakrishnan से भी मुलाकात की। दोनों पक्षों के बीच निवेश, कौशल विकास, शहरी नियोजन और आधुनिक तकनीक के क्षेत्र में राज्य स्तर पर सहयोग बढ़ाने की संभावनाओं पर चर्चा हुई।
15 से ज्यादा ग्लोबल कंपनियों के CEO से सीधी बातचीत
मुख्यमंत्री के नेतृत्व में आयोजित CEO Roundtable में 15 से अधिक वैश्विक कंपनियों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। TCS, SMBC, Tolaram Group और Agrocorp जैसी कंपनियों के साथ छत्तीसगढ़ में निवेश और भविष्य की व्यावसायिक साझेदारियों पर चर्चा हुई।
Global Finance & Technology Network के साथ AI और डिजिटल फाइनेंस में युवाओं को प्रशिक्षण देने तथा प्रदेश के स्टार्टअप्स को वैश्विक निवेशकों और बाजारों से जोड़ने की संभावनाओं पर बातचीत हुई।
Aquatech Pacific Holdings के साथ औद्योगिक अपशिष्ट जल के पुन: उपयोग से जुड़े इंफ्रास्ट्रक्चर, जबकि Adroit Overseas के साथ फूड प्रोसेसिंग निवेश की संभावनाओं पर चर्चा हुई।
अब नजर निवेश प्रस्तावों को जमीन पर उतारने पर
सिंगापुर दौरे से लौटने के बाद सबसे बड़ी चुनौती इन निवेश प्रतिबद्धताओं को वास्तविक परियोजनाओं में बदलने की होगी। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि सरकार प्रत्येक निवेशक के साथ लगातार फॉलो-अप करेगी, ताकि प्रस्तावित परियोजनाओं को जल्द से जल्द धरातल पर उतारा जा सके। उन्होंने कहा कि इन निवेशों का उद्देश्य युवाओं के लिए करियर और रोजगार के नए अवसर पैदा करना तथा स्थानीय उद्यमियों और उद्योगों के लिए विकास के नए रास्ते खोलना है।
सिंगापुर दौरे से मिले निवेश प्रस्तावों और वैश्विक साझेदारियों ने छत्तीसगढ़ के लिए निवेश से लेकर AI, स्किल डेवलपमेंट, ग्रीन इकोनॉमी और टूरिज्म तक एक व्यापक ग्लोबल रोडमैप जरूर तैयार किया है।
