CG-घोंघा नदी हादसा: तीनों मासूम बच्चों के शव बरामद, एक ही परिवार के तीन चिराग बुझने से गांव में पसरा मातम

बिलासपुर/तखतपुर। तखतपुर क्षेत्र के ग्राम पंचायत समडील में घोंघा नदी में बहने वाले तीनों मासूम बच्चों के शव बरामद कर लिए गए हैं। स्कूल से छुट्टी के बाद शॉर्टकट रास्ते से नदी पार कर घर लौट रहे तीनों बच्चे अचानक तेज बहाव की चपेट में आ गए थे। हादसे के बाद से एसडीआरएफ की टीम लगातार नदी में सर्च ऑपरेशन चला रही थी। रविवार सुबह दो अन्य बच्चों के शव भी बरामद होने के साथ ही तलाश अभियान पूरा हो गया।
जानकारी के अनुसार ग्राम समडील निवासी 7 वर्षीय अनमोल जायसवाल, 9 वर्षीय स्तुति जायसवाल और 8 वर्षीय शिक्षा जायसवाल स्कूल से छुट्टी के बाद घर लौट रहे थे। तीनों बच्चे शॉर्टकट रास्ते से घोंघा नदी पार कर रहे थे। इसी दौरान अचानक नदी का बहाव तेज हो गया और तीनों मासूम पानी की तेज धार में बह गए।
घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीणों और पुलिस प्रशासन ने तत्काल बच्चों की तलाश शुरू की। इसके बाद एसडीआरएफ की टीम को मौके पर बुलाया गया। टीम ने कल शाम से लगातार नदी में सर्च ऑपरेशन चलाया। अभियान के दौरान एक बच्चे का शव पहले ही बरामद कर लिया गया था, जबकि दो अन्य बच्चों की तलाश रातभर जारी रही।
रविवार सुबह एसडीआरएफ के सर्च ऑपरेशन के दौरान दोनों लापता बच्चों के शव भी बरामद कर लिए गए। तीनों शवों के मिलने के बाद परिवार की उम्मीदें भी खत्म हो गईं।
बताया जा रहा है कि तीनों बच्चे एक ही परिवार के दो भाइयों के बच्चे थे। एक साथ तीन मासूमों की मौत की खबर से समडील गांव में मातम पसर गया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। इस दर्दनाक हादसे से पूरा गांव और आसपास का क्षेत्र गहरे सदमे में है।
मृत बच्चों में अनमोल जायसवाल कक्षा KG-2, जबकि स्तुति जायसवाल और शिक्षा जायसवाल कक्षा तीसरी में पढ़ती थीं। स्कूल से घर लौटते समय हुए इस दर्दनाक हादसे ने पूरे तखतपुर क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है।
