उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन 2 सितंबर को आएंगे छत्तीसगढ़, एम्स रायपुर के दीक्षांत समारोह में होंगे शामिल

रायपुर, 19 अगस्त 2026। भारत के उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन 2 सितंबर को छत्तीसगढ़ के दौरे पर आएंगे। वे रायपुर स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) के दीक्षांत समारोह में शामिल होंगे। उपराष्ट्रपति के प्रस्तावित दौरे को लेकर राज्य सरकार ने तैयारियां तेज कर दी हैं।
मुख्य सचिव विकासशील की अध्यक्षता में बुधवार को मंत्रालय महानदी भवन में राज्य स्तरीय अधिकारियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में उपराष्ट्रपति के प्रवास के दौरान सुरक्षा, प्रोटोकॉल, यातायात, चिकित्सा, स्वागत और कार्यक्रम स्थल पर आवश्यक व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की गई।
मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम के अनुसार तैयारियां पूरी करने के निर्देश
मुख्य सचिव ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि उपराष्ट्रपति के प्रवास के दौरान सभी व्यवस्थाएं निर्धारित प्रोटोकॉल और मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम के अनुरूप सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने एयरपोर्ट से कार्यक्रम स्थल तक और वापसी के दौरान एंट्री-एग्जिट प्लान को बेहतर समन्वय के साथ अंतिम रूप देने को कहा।
एयरपोर्ट पर स्वागत व्यवस्था, रिसेप्शन लाइन, एम्स में रिसेप्शन और अन्य प्रोटोकॉल संबंधी व्यवस्थाओं के लिए रायपुर कलेक्टर को आवश्यक निर्देश दिए गए। साथ ही एयरपोर्ट और कार्यक्रम स्थल पर पुलिस की पर्याप्त तैनाती एवं सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
सुरक्षा, चिकित्सा और विद्युत व्यवस्था पर विशेष फोकस
मुख्य सचिव ने उपराष्ट्रपति के दौरे को देखते हुए गृह विभाग को सुरक्षा संबंधी सभी आवश्यक कार्रवाई समय पर पूरी करने के निर्देश दिए। इसके अलावा ठहरने की व्यवस्था, प्रकाश एवं विद्युत व्यवस्था, चिकित्सा सुविधाएं और आकस्मिक चिकित्सा सहायता की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया।
कार्यक्रम स्थल पर सभी आवश्यक व्यवस्थाओं के लिए संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से काम करने के निर्देश दिए गए।
भारत सरकार के प्रोटोकॉल के अनुरूप होगी बैठक व्यवस्था
बैठक में निर्देश दिया गया कि दीक्षांत समारोह में बैठक व्यवस्था भारत सरकार द्वारा निर्धारित प्रोटोकॉल और प्राप्त डायस प्लान के अनुसार की जाए। कार्यक्रम की शुरुआत वंदे मातरम् और राष्ट्रगान के साथ निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुरूप होगी।
मुख्य सचिव ने एम्स प्रबंधन और अधिकारियों को भी दीक्षांत समारोह से जुड़ी सभी तैयारियां समय पर और व्यवस्थित तरीके से पूरी करने के निर्देश दिए।
वरिष्ठ अधिकारियों ने लिया तैयारियों का जायजा
बैठक में गृह एवं जेल विभाग की प्रमुख सचिव निहारिका बारिक, सामान्य प्रशासन विभाग के सचिव अविनाश चंपावत, मुख्यमंत्री के सचिव मुकेश कुमार बंसल, रायपुर कमिश्नर श्याम धावड़े, सुशासन एवं अभिसरण विभाग के संयुक्त सचिव मयंक अग्रवाल, सामान्य प्रशासन विभाग की उप सचिव अंशिका पांडेय, रायपुर कलेक्टर, आईजी रायपुर, एम्स रायपुर के चिकित्सा अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
