युवा कांग्रेस चुनाव का बिगुल: 30 अगस्त से शुरू होगी चुनावी प्रक्रिया, 29 सितंबर तक चलेगा सदस्यता अभियान…6 हजार दावेदार मैदान में….किसके सिर सजेगा संगठन का ताज?

6 हजार नामांकन का दावा, शिकायतों के बीच छत्तीसगढ़ पहुंचे राष्ट्रीय प्रभारी; पारदर्शिता और निष्पक्ष चुनाव पर टिकी नजरें


रायपुर। छत्तीसगढ़ युवा कांग्रेस के संगठनात्मक चुनाव को लेकर बड़ी अपडेट सामने आई है। चुनावी सदस्यता और चुनाव प्रक्रिया 30 अगस्त से शुरू होकर 29 सितंबर की शाम 5 बजे तक चलेगी। चुनाव की नई समय-सारिणी सामने आने के बाद संगठन में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है।

इस बीच चुनाव प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं और नियमों में बदलाव को लेकर उठे विवाद के बाद राष्ट्रीय नेतृत्व भी सक्रिय हो गया है। कार्यकर्ताओं की शिकायतों और आपत्तियों को सुनने के लिए युवा कांग्रेस प्रभारी स्मृति रंजन लेंका 17 से 19 अगस्त तक छत्तीसगढ़ के दौरे पर हैं।

शिकायतों के बीच राष्ट्रीय प्रभारी का छत्तीसगढ़ दौरा

युवा कांग्रेस चुनाव को लेकर पिछले कुछ समय से कार्यकर्ताओं के बीच असंतोष और शिकायतों का दौर चल रहा था। कई कार्यकर्ताओं ने चुनाव प्रक्रिया, नियमों में कथित बदलाव और कुछ फैसलों को लेकर राष्ट्रीय नेतृत्व तक अपनी आपत्तियां पहुंचाई थीं। इसके बाद राष्ट्रीय नेतृत्व ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जमीनी स्थिति की जानकारी लेने के लिए पदाधिकारियों को छत्तीसगढ़ भेजा। प्रभारी स्मृति रंजन लेंका ने दौरे के दौरान चुनाव प्रक्रिया से प्रभावित कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर उनकी शिकायतें और आपत्तियां सुनीं।

राजीव भवन में आमने-सामने हुई कार्यकर्ताओं से चर्चा

17 अगस्त को रायपुर के शंकर नगर स्थित राजीव भवन में प्रदेश प्रभारी और चुनाव पदाधिकारियों ने कार्यकर्ताओं के साथ चर्चा की। इस दौरान चुनाव प्रक्रिया को लेकर उठाए गए सवालों और कथित अनियमितताओं से जुड़े मुद्दों को पदाधिकारियों के सामने रखा गया।

बताया गया कि चुनाव प्रक्रिया को लेकर कार्यकर्ताओं की शिकायतों को मीडिया में प्रमुखता मिलने के बाद राष्ट्रीय नेतृत्व ने मामले की स्थिति को सीधे समझने का फैसला किया।

करीब 6 हजार नामांकन मिलने का दावा

युवा कांग्रेस चुनाव में इस बार बड़ी भागीदारी का दावा किया जा रहा है। चुनाव के पीआरओ राकेश सिंह नेगी के अनुसार, करीब 6 हजार नामांकन प्राप्त हुए हैं।

ये खबर भी पढ़ें…
Plugin developed by ProSEOBlogger. Get free gpl themes.

संगठन की संभावित 20 लाख से अधिक सदस्यता के बीच इतनी बड़ी संख्या में नामांकन को चुनाव में युवाओं की सक्रिय भागीदारी के संकेत के तौर पर देखा जा रहा है। पीआरओ का दावा है कि इस बार युवा कांग्रेस चुनाव में पिछले कई रिकॉर्ड टूट सकते हैं।

अब पारदर्शिता की अग्निपरीक्षा

नई समय-सारिणी के साथ चुनाव प्रक्रिया शुरू होने जा रही है, लेकिन इससे पहले सामने आई शिकायतों ने संगठन के सामने निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव कराने की बड़ी चुनौती खड़ी कर दी है।

अब कार्यकर्ताओं की नजर इस बात पर रहेगी कि 30 अगस्त से शुरू होने वाली चुनावी प्रक्रिया किस तरह संचालित होती है और पूर्व में उठी शिकायतों का निराकरण किस स्तर पर किया जाता है। 29 सितंबर शाम 5 बजे तक चलने वाली प्रक्रिया के बाद युवा कांग्रेस के संगठनात्मक समीकरण भी नए सिरे से तय होने की संभावना है।

cgnews24 Team

CGNews24 Team अनुभवी पत्रकारों और उत्साही लेखकों का एक समर्पित समूह। हमारा लक्ष्य छत्तीसगढ़ के स्थानीय मुद्दों से लेकर देश-दुनिया की प्रमुख घटनाओं की सबसे तेज़, सटीक और निष्पक्ष कवरेज 24x7 आप तक पहुँचाना है। हमसे जुड़ें: संपर्क करें (Email) | हमारी संपादकीय नीति पढ़ें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

होमछत्तीसगढ़ खबरेंराजनीतिWhatsapp