CG में कांग्रेस पार्षद पर गंभीर आरोप: जोन आयुक्त को फोन पर गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी! FIR दर्ज, पुलिस जांच में जुटी

रायपुर। नगर निगम रायपुर के जोन क्रमांक-8 की जोन आयुक्त ने कांग्रेस पार्षद संदीप साहू पर फोन पर अभद्रता, अश्लील गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया है। शिकायत के आधार पर सिटी कोतवाली पुलिस ने FIR दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
शिकायत के मुताबिक, घटना अगस्त 2026 की है। जोन आयुक्त निगम मुख्यालय के सभाकक्ष में विज्ञापन संबंधी प्रशिक्षण में मौजूद थीं। इसी दौरान वीर सावरकर नगर वार्ड क्रमांक-7 के पार्षद संदीप साहू के मोबाइल नंबर से उनके निजी मोबाइल पर फोन आया।
बताया गया कि बातचीत के दौरान पार्षद ने वार्ड के सफाई ठेकेदार के कर्मचारियों के भुगतान को लेकर जानकारी मांगी। जोन आयुक्त ने उन्हें बताया कि सफाई कर्मचारियों का भुगतान वास्तविक उपस्थिति के आधार पर किया जाना है।
आरोप है कि पार्षद ने स्वीकृत 38 सफाई कर्मचारियों का प्रतिदिन भुगतान किए जाने की मांग की। इस पर जोन आयुक्त द्वारा असहमति जताने के बाद बातचीत कथित तौर पर विवाद में बदल गई।
अश्लील गाली-गलौज और धमकी का आरोप
जोन आयुक्त का आरोप है कि इसके बाद पार्षद ने उनके साथ महिलाओं के प्रति अपमानजनक और अश्लील शब्दों का इस्तेमाल करते हुए गाली-गलौज की। शिकायत में जान से मारने और देख लेने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है।
जोन आयुक्त ने पुलिस को दी शिकायत में कहा है कि घटना के बाद वह मानसिक रूप से परेशान हैं और उन्हें खुद के साथ-साथ अपने बच्चों की सुरक्षा को लेकर भी खतरा महसूस हो रहा है। उन्होंने पुलिस से मामले में पार्षद के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
FIR दर्ज, जांच शुरू
शिकायत मिलने के बाद सिटी कोतवाली पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर लिया है। पुलिस अब पूरे मामले की विवेचना कर रही है।
हालांकि, पार्षद संदीप साहू की ओर से लगाए गए आरोपों पर फिलहाल कोई पक्ष सामने नहीं आया है। पुलिस जांच के बाद ही फोन पर हुई बातचीत और लगाए गए आरोपों की वास्तविकता स्पष्ट हो सकेगी।
