CG-इंस्टाग्राम की दोस्ती का खौफनाक अंत: पहले मुंह में ठूंसा दुपट्टा, फिर पानी में डुबोकर ली जान; लिव-इन पार्टनर निकला कातिल, आरोपी गिरफ्तार

रायपुर, 06 अगस्त 2026। राजधानी रायपुर में 19 वर्षीय युवती की हत्या की गुत्थी को खमतराई थाना पुलिस और एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट ने महज 24 घंटे के भीतर सुलझाते हुए उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस जांच में सामने आया कि चार साल पुराने प्रेम संबंध में आई दरार और युवती के चरित्र पर संदेह के चलते आरोपी ने वारदात को अंजाम दिया। आरोपी ने पहले युवती के मुंह में दुपट्टा ठूंसकर उसी से गला घोंटा और फिर मौत सुनिश्चित करने के लिए उसका सिर पानी से भरे खेत में डुबो दिया।
पुलिस के मुताबिक, 4 अगस्त को डब्ल्यूआरएस स्थित सोलापुरी माता मंदिर के पीछे पानी से भरे खेत में एक अज्ञात युवती का शव मिला था। घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने जांच के दौरान गले पर दबाव और चोट के निशान पाए। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या की पुष्टि होने के बाद भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान मृतका की पहचान 19 वर्षीय नंदिनी जाल उर्फ नंदिनी जैन के रूप में हुई। पूछताछ में परिजनों ने उसके प्रेमी करण तांडी (23) पर संदेह जताया। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और घटनास्थल से मिले सबूतों के आधार पर आरोपी को हिरासत में लिया। प्रारंभिक पूछताछ में वह पुलिस को गुमराह करता रहा, लेकिन सख्ती से पूछताछ करने पर उसने हत्या करना स्वीकार कर लिया।
आरोपी ने पुलिस को बताया कि करीब चार वर्ष पहले उसकी नंदिनी से इंस्टाग्राम पर दोस्ती हुई थी, जो बाद में प्रेम संबंध में बदल गई। दोनों लगभग छह महीने तक लिव-इन रिलेशनशिप में भी रहे। अलग रहने के बाद आरोपी को युवती के चरित्र पर संदेह होने लगा, जिससे दोनों के बीच लगातार विवाद होने लगे।
पुलिस के अनुसार, 3 अगस्त की शाम आरोपी ने नंदिनी को मिलने के बहाने डब्ल्यूआरएस कॉलोनी स्थित सोलापुरी माता मंदिर क्षेत्र बुलाया। सुनसान स्थान पर दोनों के बीच विवाद हुआ। गुस्से में आरोपी ने पहले युवती के मुंह में दुपट्टा ठूंस दिया, फिर उसी से गला घोंट दिया। इसके बाद उसने युवती का सिर पानी से भरे खेत में डुबो दिया और मौके से फरार हो गया।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। मामले की आगे की जांच जारी है।
