IPS रतनलाल डांगी की बढ़ीं मुश्किलें, पीड़िता ने हाईकोर्ट में दायर की याचिका; निष्पक्ष जांच और सुरक्षा की मांग

बिलासपुर। वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी रतनलाल डांगी से जुड़े चर्चित मामले में नया मोड़ आ गया है। मामले की शिकायतकर्ता महिला ने अब छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाते हुए याचिका दायर की है। याचिका में निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने, अपनी सुरक्षा उपलब्ध कराने और मामले में प्रभावी कार्रवाई के निर्देश देने की मांग की गई है।
याचिका में पीड़िता का कहना है कि उसने वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी पर गंभीर आरोप लगाए हैं, लेकिन अब तक उसकी शिकायत पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई है। ऐसे में निष्पक्ष जांच के लिए हाईकोर्ट के हस्तक्षेप की आवश्यकता है। साथ ही उसने जांच के दौरान किसी भी प्रकार के दबाव या प्रताड़ना से सुरक्षा देने की भी मांग की है।
गौरतलब है कि पीड़िता ने इससे पहले रतनलाल डांगी पर शारीरिक, मानसिक और आर्थिक उत्पीड़न के आरोप लगाए थे। आरोप सामने आने के बाद राज्य सरकार ने डांगी को निलंबित कर विभागीय जांच शुरू कर दी थी। दूसरी ओर, रतनलाल डांगी ने सभी आरोपों को निराधार बताते हुए खुद को ब्लैकमेल किए जाने का दावा किया है और इस संबंध में डीजीपी को लिखित शिकायत भी दी थी।
अब मामला हाईकोर्ट पहुंचने के बाद इस बहुचर्चित प्रकरण की कानूनी लड़ाई नए चरण में प्रवेश कर गई है। हाईकोर्ट में याचिका पर सुनवाई के बाद आगे की कार्रवाई और जांच की दिशा स्पष्ट होगी।