Jogi Congress 2.0: ‘अजीत जोगी’ का नाम हटा, ‘बेटा बचाओ’ का नारा और कांग्रेस से विलय की इनसाइड स्टोरी; अमित जोगी ने लॉन्च किया नया कलेवर


रायपुर, 8 जुलाई 2026। छत्तीसगढ़ की राजनीति में नई पारी की शुरुआत करते हुए छत्तीसगढ़ जनता कांग्रेस (जे) ने बुधवार को अपने संगठन और राजनीतिक रणनीति में बड़े बदलावों का ऐलान किया। पार्टी अध्यक्ष अमित जोगी ने रायपुर स्थित अपने निवास पर ‘जोगी कांग्रेस 2.0’ लॉन्च करते हुए कहा कि पार्टी अब नई सोच, नए विजन और युवा नेतृत्व के साथ प्रदेश की राजनीति में सक्रिय भूमिका निभाएगी।

अमित जोगी ने कहा कि बदलते राजनीतिक दौर में पारंपरिक राजनीति की जगह अब विचार, तकनीक और जमीनी मुद्दों पर आधारित राजनीति की जरूरत है। उन्होंने दावा किया कि पार्टी जाति, धर्म और वंशवाद की राजनीति से अलग हटकर युवाओं, किसानों और आम जनता के मुद्दों को केंद्र में रखकर आगे बढ़ेगी।

युवा संगठन का नाम बदला, अजीत जोगी का नाम हटाया

जोगी कांग्रेस ने अपने युवा संगठन में भी बड़ा बदलाव किया है। पार्टी के संस्थापक एवं पूर्व मुख्यमंत्री अजीत जोगी के नाम पर बने ‘अजीत जोगी युवा कांग्रेस’ का नाम बदलकर अब ‘जनता युवा कांग्रेस’ कर दिया गया है।

पार्टी ने ईश्वर उपाध्याय को जनता युवा कांग्रेस का नया प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है। अमित जोगी ने कहा कि संगठन को नए नेतृत्व और नई कार्यशैली के साथ आगे बढ़ाया जाएगा।

तीन बड़े मुद्दों पर चलेगा राज्यव्यापी अभियान

अमित जोगी ने घोषणा की कि पार्टी आने वाले समय में प्रदेशभर में नशा, बेरोजगारी और अन्याय के खिलाफ व्यापक जनअभियान शुरू करेगी।

उन्होंने कहा कि जनता युवा कांग्रेस ‘बेटी बचाओ’ के साथ-साथ ‘बेटा बचाओ अभियान’ भी चलाएगी। उनका दावा था कि छत्तीसगढ़ के युवाओं को नशे, बेरोजगारी और अवसाद जैसी गंभीर समस्याओं से बचाने की जरूरत है। उन्होंने राज्य में बढ़ते नशे को लेकर भी चिंता जताई।

ये खबर भी पढ़ें…
Plugin developed by ProSEOBlogger. Get free gpl themes.

कांग्रेस में विलय पर फिर दोहराया रुख

अमित जोगी ने एक बार फिर कांग्रेस में विलय की इच्छा जाहिर करते हुए कहा कि उनकी पार्टी ने लगभग एक वर्ष पहले कांग्रेस हाईकमान को विलय का प्रस्ताव भेजा था, लेकिन अब तक कोई निर्णय नहीं लिया गया।

उन्होंने कहा, “हम कांग्रेस का सहारा बनना चाहते थे। भाजपा के मुकाबले के लिए कांग्रेस को मजबूत सहयोग की जरूरत है, लेकिन जब कोई फैसला नहीं हुआ तो हमने अपनी पार्टी को नए स्वरूप में आगे बढ़ाने का निर्णय लिया।”

‘भाजपा की बी-टीम’ कहे जाने पर भी बोले

अमित जोगी ने कहा कि उनकी पार्टी पर लंबे समय तक “भाजपा की बी-टीम” होने का आरोप लगाया जाता रहा, जिससे संगठन की छवि को नुकसान पहुंचा।

उन्होंने कहा कि यह धारणा जनता के बीच नकारात्मक संदेश लेकर गई, लेकिन अब ‘जोगी कांग्रेस 2.0’ के माध्यम से पार्टी अपनी नई राजनीतिक पहचान और नई भूमिका के साथ जनता के बीच जाएगी।

अजीत जोगी के लेखों पर आधारित दो पुस्तकों का विमोचन

कार्यक्रम के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री अजीत जोगी के लेखों पर आधारित दो पुस्तकों ‘दृष्टिकोण’ और ‘सदी के मोड़’ का भी विमोचन किया गया।

इस अवसर पर डॉ. रेणु जोगी ने कहा कि इन पुस्तकों में 1990 के दशक से जुड़े महत्वपूर्ण राजनीतिक घटनाक्रमों पर अजीत जोगी के लेख संकलित किए गए हैं। उन्होंने बताया कि ये लेख विभिन्न समाचार पत्रों में नियमित रूप से स्तंभ के रूप में प्रकाशित होते रहे हैं और प्रदेश की राजनीतिक यात्रा को समझने में महत्वपूर्ण दस्तावेज हैं।

नई पहचान के साथ मैदान में जोगी कांग्रेस

‘जोगी कांग्रेस 2.0’ के जरिए पार्टी ने साफ संकेत दिया है कि वह संगठनात्मक बदलाव, युवा नेतृत्व और नए राजनीतिक एजेंडे के साथ खुद को फिर से स्थापित करने की कोशिश करेगी। आने वाले समय में यह नई रणनीति प्रदेश की राजनीति में कितना असर डालती है, इस पर राजनीतिक दलों और विश्लेषकों की नजर रहेगी।

cgnews24 Team

CGNews24 Team अनुभवी पत्रकारों और उत्साही लेखकों का एक समर्पित समूह। हमारा लक्ष्य छत्तीसगढ़ के स्थानीय मुद्दों से लेकर देश-दुनिया की प्रमुख घटनाओं की सबसे तेज़, सटीक और निष्पक्ष कवरेज 24x7 आप तक पहुँचाना है। हमसे जुड़ें: संपर्क करें (Email) | हमारी संपादकीय नीति पढ़ें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

होमछत्तीसगढ़ खबरेंराजनीतिWhatsapp