MMS विवाद में फिर गरमाई सियासत: कांग्रेस विधायक देवेंद्र यादव ने थाने पहुंचकर दिया सैंपल, बोले……
भिलाई, 11 अप्रैल 2026। भिलाई के चर्चित कथित MMS मामले में एक बार फिर सियासी माहौल गरमा गया है। कांग्रेस विधायक Devendra Yadav के थाने पहुंचकर बयान दर्ज कराने के बाद अब इस पूरे मामले को लेकर राजनीति और तेज हो गई है।
विधायक ने जहां इस मामले को साजिश बताते हुए जांच में देरी पर सवाल उठाए हैं, वहीं इसे लेकर राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई है। विपक्ष पहले ही इस मुद्दे को लेकर हमलावर रहा है, जबकि अब जांच की धीमी गति को लेकर भी सरकार और प्रशासन पर निशाना साधा जा रहा है।

मामले की खास बात यह है कि यह विवाद कोई नया नहीं, बल्कि 2023 विधानसभा चुनाव के दौरान सामने आया था। उस समय वायरल हुए कथित वीडियो को लेकर काफी बवाल मचा था और इसे लेकर आरोप-प्रत्यारोप का दौर भी चला था। अब एक बार फिर यह मामला सुर्खियों में है, जिससे राजनीतिक हलचल बढ़ गई है।
इधर, विधायक द्वारा दिए गए फोटो और वीडियो सैंपल को फॉरेंसिक जांच के लिए भेजे जाने की प्रक्रिया ने मामले को नया मोड़ दे दिया है। विशेषज्ञों का मानना है कि फॉरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति पूरी तरह साफ हो पाएगी।

इस बीच, नोटिस जारी करने की प्रक्रिया और जांच की टाइमिंग को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। इसे लेकर राजनीतिक गलियारों में चर्चा तेज है कि आखिर इतने समय बाद मामले में अचानक तेजी क्यों आई।
विधायक देवेंद्र यादव ने यह भी कहा कि वे हर तरह की जांच के लिए तैयार हैं और पुलिस को पूरा सहयोग करेंगे। मीडिया से चर्चा में देवेंद्र यादव ने यह भी मांग उठाई कि जैसे अन्य मामलों में सीबीआई जांच होती है, वैसे ही इस मामले में भी निष्पक्ष जांच सुनिश्चित की जानी चाहिए। ताकि वायरल वीडियो की सच्चाई सामने आ सके और भ्रम की स्थिति खत्म होने के साथ ही इस कथित वीडियों को वायरल कर छबि खराब करने वाले लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा सके।










