CG में मंत्रिमंडल विस्तार: : तीन नए मंत्रियों ने ली शपथ, सबसे पहले गजेंद्र यादव ने, फिर गुरु खुशवंत और आखिर में राजेश अग्रवाल…दोपहर बाद बंटेंगे विभाग


रायपुर, 20 अगस्त 2025। छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की कैबिनेट का लंबे समय से इंतजार किया जा रहा विस्तार आज पूरा हो गया। बुधवार को तीन नए विधायकों ने मंत्री पद की शपथ ली। रायपुर के राजभवन में आयोजित समारोह में राज्यपाल के समक्ष दुर्ग संभाग से गजेंद्र यादव, रायपुर संभाग से गुरु खुशवंत साहब और सरगुजा संभाग से राजेश अग्रवाल ने पद और गोपनीयता की शपथ ली।

शपथ ग्रहण समारोह में सबसे पहले गजेंद्र यादव ने शपथ ली। खास बात यह रही कि उन्होंने शपथ के दौरान अपने पिता का नाम भी अपने साथ जोड़ा। उनके बाद आरंग से विधायक गुरु खुशवंत साहब ने मंत्री पद की शपथ ली। अंत में सरगुजा से विधायक राजेश अग्रवाल ने शपथ ग्रहण किया।

सूत्रों के अनुसार, आज दोपहर बाद नए मंत्रियों के विभागों का बंटवारा कर दिया जाएगा। इसके साथ ही, कुछ मौजूदा मंत्रियों के विभागों में भी फेरबदल की संभावना है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के पास वर्तमान में कई महत्वपूर्ण विभाग हैं, जिनमें से शिक्षा विभाग भी अन्य मंत्रियों को सौंपा जा सकता है।

जानकारी के मुताबिक, धर्म, संस्कृति और पर्यटन विभाग की जिम्मेदारी गुरु खुशवंत साहब को मिलने की संभावना है। वहीं, गजेंद्र यादव को शिक्षा, उच्च शिक्षा और तकनीकी शिक्षा विभाग सौंपा जा सकता है। अंबिकापुर विधायक राजेश अग्रवाल को परिवहन और खनिज संसाधन विभाग की जिम्मेदारी मिलने के कयास लगाए जा रहे हैं।

cgnews24 Team

CGNews24 Team अनुभवी पत्रकारों और उत्साही लेखकों का एक समर्पित समूह। हमारा लक्ष्य छत्तीसगढ़ के स्थानीय मुद्दों से लेकर देश-दुनिया की प्रमुख घटनाओं की सबसे तेज़, सटीक और निष्पक्ष कवरेज 24x7 आप तक पहुँचाना है। हमसे जुड़ें: संपर्क करें (Email) | हमारी संपादकीय नीति पढ़ें
होमछत्तीसगढ़ खबरेंराजनीतिWhatsapp