CG में 2 करोड़ का बैंक घोटाला: महिला बैंक अफसर गिरफ्तार, एसीबी की बड़ी कार्रवाई
बिलासपुर। State Bank of India की बिल्हा शाखा में करोड़ों रुपये के गबन के बहुचर्चित मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए एसीबी की टीम ने तत्कालीन कैशियर तेजवथ थीरापतम्मा को गिरफ्तार कर लिया है। मामला बैंक रिकॉर्ड में कथित छेड़छाड़ कर ₹2,06,37,600 की धोखाधड़ी से जुड़ा है।
जानकारी के अनुसार, शाखा प्रबंधक, एसबीआई बिल्हा, जिला बिलासपुर द्वारा राज्य आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो / एंटी करप्शन ब्यूरो मुख्यालय रायपुर में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई थी। शिकायत में आरोप था कि 19 दिसंबर 2024 से 2 जनवरी 2025 के बीच कैशियर एवं अन्य कर्मचारियों ने पद का दुरुपयोग करते हुए बैंक के रिकॉर्ड और खातों में हेरफेर की, जिससे बैंक को भारी आर्थिक नुकसान हुआ।
शिकायत के आधार पर ब्यूरो ने 19 जनवरी 2026 को भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधित 2018) की धारा 13(1)(A), 13(2) सहित भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध क्रमांक 03/2026 पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की थी।
जांच के दौरान बैंक द्वारा कराई गई विभागीय जांच में भी श्रीमती तेजवथ थीरापतम्मा एवं अन्य कर्मचारियों की भूमिका संदिग्ध पाई गई। एसीबी बिलासपुर की टीम लगातार आरोपी कैशियर की तलाश में जुटी थी। इसी बीच मुखबिर से सूचना मिली कि कैशियर गोपनीय रूप से बिल्हा स्थित बैंक शाखा पहुंची हैं।
सूचना के आधार पर एसीबी टीम ने 26 फरवरी 2026 को कैशियर को अभिरक्षा में लेकर गहन पूछताछ की। पूछताछ में प्राप्त साक्ष्यों के आधार पर उन्हें गिरफ्तार किया गया। आरोपी के पास से एक मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है, जिसे जांच के लिए भेजा गया है।
गिरफ्तार कैशियर को विशेष न्यायालय बिलासपुर में पेश कर रिमांड हासिल करने की प्रक्रिया जारी है। प्रकरण में एसीबी द्वारा आगे की विवेचना जारी है।
एसीबी अधिकारियों का कहना है कि मामले से जुड़े सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है और यदि अन्य की संलिप्तता पाई जाती है तो आगे भी कार्रवाई की जाएगी।










