कांग्रेस भवन घेराव में बवाल: भाजपा-कांग्रेस टकराव में 16 पुलिस जवान घायल, पुलिस कमिश्नर ने अस्पताल पहुंचकर जाना हाल


रायपुर, 22 जुलाई 2026। राजधानी रायपुर में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) द्वारा कांग्रेस भवन घेराव के लिए निकाली गई विरोध रैली के दौरान हिंसक झड़प में ड्यूटी पर तैनात 16 पुलिस जवान घायल हो गए। घायलों में एक महिला आरक्षक सहित दो पुलिसकर्मियों को गंभीर चोटें आई हैं। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को वाटर कैनन और आंसू गैस के गोले छोड़ने पड़े।

पुलिस के अनुसार, भाजपा की रैली के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने और भीड़ को नियंत्रित करने के लिए कांग्रेस भवन के पास बैरिकेडिंग की गई थी। इसी दौरान कांग्रेस भवन की ओर से कुछ कार्यकर्ता बैरिकेडिंग के पीछे चढ़कर नारेबाजी करने लगे। आरोप है कि इस दौरान पुलिस बल पर पत्थर और बोतलें फेंकी गईं, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई और ड्यूटी पर तैनात 16 पुलिस जवान घायल हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही रायपुर पुलिस कमिश्नर संजीव शुक्ला रामकृष्णा केयर अस्पताल पहुंचे। उन्होंने भर्ती पुलिस जवानों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और चिकित्सकों से उनके स्वास्थ्य एवं उपचार की विस्तृत जानकारी ली। पुलिस कमिश्नर ने सभी घायलों के बेहतर इलाज के निर्देश देते हुए जवानों का उत्साहवर्धन किया और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

घायल जवान कलेश्वर वर्मा ने बताया कि बैरिकेडिंग के दौरान भीड़ के बीच फंस जाने से उन्हें सांस लेने में काफी परेशानी हुई, जिसके बाद उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। वहीं प्रशिक्षु उप निरीक्षक (पीएसआई) देवराज सिंह के सिर पर बोतल लगने से गंभीर चोट आई है। उनका उपचार चिकित्सकों की निगरानी में जारी है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, अन्य घायल आरक्षकों को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। पुलिस का कहना है कि समय रहते वाटर कैनन और आंसू गैस का इस्तेमाल कर स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया, जिससे कोई बड़ी अप्रिय घटना नहीं हुई।

अस्पताल में पुलिस कमिश्नर के साथ पुलिस उपायुक्त (मध्य) तारकेश्वर पटेल, एसीपी नीलेश द्विवेदी, टीआई राजेश मरई सहित अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी मौजूद रहे। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और उपद्रव में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है।

ये खबर भी पढ़ें…
Plugin developed by ProSEOBlogger. Get free gpl themes.

cgnews24 Team

CGNews24 Team अनुभवी पत्रकारों और उत्साही लेखकों का एक समर्पित समूह। हमारा लक्ष्य छत्तीसगढ़ के स्थानीय मुद्दों से लेकर देश-दुनिया की प्रमुख घटनाओं की सबसे तेज़, सटीक और निष्पक्ष कवरेज 24x7 आप तक पहुँचाना है। हमसे जुड़ें: संपर्क करें (Email) | हमारी संपादकीय नीति पढ़ें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

होमछत्तीसगढ़ खबरेंराजनीतिWhatsapp