हरेली पर मुर्गे को लेकर भिड़े दो भाई, विवाद इतना बढ़ा कि बड़े ने छोटे पर चाकू से कर दिया वार

बिलासपुर। हरेली के त्योहार पर जहां घर-घर खुशियां और उत्साह था, वहीं बिलासपुर में एक मुर्गे को लेकर दो भाइयों के बीच ऐसा विवाद हुआ कि मामला खून-खराबे तक पहुंच गया। सरकंडा थाना क्षेत्र के मोपका चौकी अंतर्गत चिल्हाटी धनवारपारा में बड़े भाई ने छोटे भाई पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में 22 वर्षीय रूपेश धनवार गंभीर रूप से घायल हो गया।
बताया जा रहा है कि मंगलवार शाम करीब 4 से 5 बजे दोनों भाई हरेली के लिए मुर्गा खरीदकर घर पहुंचे थे। घर पहुंचने के बाद मुर्गे को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते बात इतनी बढ़ी कि दोनों भाइयों में झगड़ा शुरू हो गया।
आरोप है कि इसी दौरान 40 वर्षीय बड़े भाई गौतम धनवार ने पास में रखे धारदार हथियार से छोटे भाई रूपेश पर हमला कर दिया। हमले में रूपेश गंभीर रूप से घायल हो गया।
हरेली की खुशी में मचा हड़कंप
घटना के बाद परिवार में अफरा-तफरी मच गई। परिजन आनन-फानन में घायल रूपेश को इलाज के लिए सिम्स अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसका उपचार जारी है।
बताया गया है कि दोनों भाई मजदूरी करते हैं। परिवार के सदस्य सूरज धनवार के मुताबिक, वह मजदूरी से वापस घर पहुंचा, तब उसे दोनों भाइयों के बीच हुए विवाद और हमले की जानकारी मिली।
पुलिस जुटी जांच में
घटना की सूचना मिलते ही मोपका चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस विवाद की असली वजह, हमले में इस्तेमाल हथियार और घटना के पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटा रही है। फिलहाल पुलिस की जांच जारी है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
