तलाक की राह आसान करने के लिए पत्नी का गर्भपात कराने का आरोप, पति और महिला डॉक्टर पर FIR; विधानसभा चुनाव भी लड़ चुकी हैं डॉक्टर

बिलासपुर। शादी के कुछ महीने बाद ही पति-पत्नी के रिश्तों में ऐसी खटास आई कि मामला अब पुलिस तक पहुंच गया है। पत्नी के गर्भवती होने के बाद पति पर उसकी मर्जी के बिना गर्भपात कराने की साजिश रचने का आरोप लगा है। पीड़िता की शिकायत पर सिरगिट्टी पुलिस ने पति सुयश अग्रवाल और जेपी हॉस्पिटल की संचालक डॉ. उज्ज्वला कराड़े के खिलाफ अपराध दर्ज किया है। खास बात यह है कि आरोपी डॉक्टर की राजनीतिक पृष्ठभूमि भी रही है। वह आम आदमी पार्टी से जुड़ी रही हैं और बिलासपुर विधानसभा सीट से चुनाव भी लड़ चुकी हैं।
शादी के बाद से ही तलाक की बात करता था पति
मिली जानकारी के मुताबिक, कोरबा निवासी सुयश अग्रवाल की शादी 26 अप्रैल 2026 को सरसींवा निवासी आकांक्षा अग्रवाल से हुई थी। आकांक्षा का आरोप है कि शादी के बाद से ही पति उससे तलाक लेने की बात कहता था। इसी बीच उसे अपनी गर्भावस्था की जानकारी मिली। पीड़िता के मुताबिक, पति को आशंका थी कि बच्चे के जन्म के बाद तलाक की प्रक्रिया में कानूनी और पारिवारिक अड़चनें आ सकती हैं।
रूटीन जांच के बहाने अस्पताल ले जाने का आरोप
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि पति ने पहले उसे अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया था, लेकिन वहां गर्भपात नहीं हुआ। इसके बाद 13 नवंबर को रूटीन जांच कराने के बहाने उसे सिरगिट्टी के गणेश नगर स्थित जेपी हॉस्पिटल ले जाया गया। आरोप है कि अस्पताल में उसे बेहोशी का इंजेक्शन दिया गया और कुछ दस्तावेजों पर हस्ताक्षर कराकर उसकी सहमति के बिना गर्भपात कर दिया गया। होश आने पर पति ने उसे बच्चे की हार्टबीट कम होने की बात बताई।
मां और भाइयों के साथ थाने पहुंची महिला
घटना के अगले दिन 14 नवंबर को आकांक्षा अपनी मां और भाइयों के साथ सिरगिट्टी थाने पहुंची और शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने पति सुयश अग्रवाल और डॉ. उज्ज्वला कराड़े के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 89 और 3(5) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब अपोलो और जेपी हॉस्पिटल में हुए इलाज के दस्तावेजों के साथ मेडिकल रिकॉर्ड की भी पड़ताल कर रही है।
आम आदमी पार्टी से जुड़ाव, बिलासपुर विधानसभा से लड़ चुकी हैं चुनाव
इस मामले में जेपी हॉस्पिटल की संचालक डॉ. उज्ज्वला कराड़े का नाम सामने आने के बाद उनकी राजनीतिक पृष्ठभूमि भी चर्चा में है। डॉ. कराड़े आम आदमी पार्टी से जुड़ी रही हैं। वह बिलासपुर विधानसभा सीट से विधानसभा चुनाव भी लड़ चुकी हैं। अब गर्भपात से जुड़े इस मामले में उनका नाम एफआईआर में आने के बाद पुलिस की जांच अस्पताल में उनकी भूमिका और चिकित्सा प्रक्रिया के दस्तावेजों पर केंद्रित है। हालांकि, मामले में लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच और उपलब्ध मेडिकल साक्ष्यों के आधार पर होनी बाकी है।
