छत्तीसगढ़ कांग्रेस में बड़े बदलाव की आहट, दीपक बैज की नई टीम में युवाओं को मौका; निष्क्रिय नेताओं की छुट्टी तय!
PCC की नई टीम का जल्द होगा ऐलान, पहले मोर्चा-प्रकोष्ठ और विभागों की सूची; AICC के पास पहुंचा संभावित नामों का पैनल

रायपुर। छत्तीसगढ़ कांग्रेस में संगठन को नए सिरे से खड़ा करने की तैयारी तेज हो गई है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी यानी PCC की नई कार्यकारिणी का ऐलान जल्द होने की संभावना है। प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज की नई टीम में युवाओं और जमीन पर सक्रिय कार्यकर्ताओं को तरजीह देने की तैयारी है, जबकि लंबे समय से संगठनात्मक गतिविधियों से दूर रहने वाले नेताओं की छुट्टी हो सकती है।
नई टीम को लेकर कांग्रेस के भीतर हलचल तेज है। संभावित नामों की सूची लगभग तैयार होने और इसे AICC को भेजे जाने की बात सामने आई है। दिल्ली स्तर पर सूची को अंतिम रूप दिए जाने के बाद जल्द ही नियुक्तियों का ऐलान किया जा सकता है।
पहले मोर्चा-प्रकोष्ठ, फिर PCC की टीम
कांग्रेस नई नियुक्तियों को चरणबद्ध तरीके से आगे बढ़ाने की तैयारी में है। सबसे पहले पार्टी के मोर्चों और प्रकोष्ठों की सूची जारी होगी। इसके बाद विभिन्न विभागों की कार्यकारिणी घोषित की जाएगी। अंत में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मुख्य पदाधिकारियों की सूची सामने आएगी।
यानी कांग्रेस की नई टीम का इंतजार कर रहे नेताओं और कार्यकर्ताओं को अभी चरणबद्ध घोषणाओं का सामना करना पड़ेगा।
235 पदों वाली भारी-भरकम टीम अब छोटी होगी
नई PCC कार्यकारिणी को लेकर सबसे बड़ा बदलाव इसके आकार को लेकर बताया जा रहा है। अब तक प्रदेश संगठन में करीब 235 पदाधिकारी बनाए जाते रहे हैं। इनमें उपाध्यक्ष, महामंत्री, सचिव और कोषाध्यक्ष जैसे पद शामिल रहे हैं। इसके अलावा मोर्चों और विभागों में भी करीब 25 नियुक्तियां अलग से होती रही हैं।
अब पार्टी नेतृत्व अनावश्यक पदों को खत्म कर छोटी और ज्यादा सक्रिय कार्यकारिणी बनाने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। माना जा रहा है कि इससे संगठन में जवाबदेही बढ़ेगी और फैसलों पर तेजी से अमल हो सकेगा।
युवाओं को मिलेगा बड़ा मौका
दीपक बैज की नई टीम में युवा और सक्रिय चेहरों पर फोकस रहने की बात सामने आई है। लंबे समय से जमीन पर सक्रिय कार्यकर्ताओं को संगठन में जिम्मेदारी देने की तैयारी है।
वहीं ऐसे पदाधिकारी, जिनकी संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रियता नहीं रही है, उन्हें नई टीम से बाहर किया जा सकता है। वरिष्ठ नेताओं के साथ मंथन के बाद संभावित नामों को अंतिम रूप दिए जाने की बात कही जा रही है।
कांग्रेस में किसकी लगेगी लॉटरी, किसका कटेगा नाम?
नई टीम को लेकर कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्सुकता है। सबसे ज्यादा चर्चा इस बात की है कि किन पुराने चेहरों को दोबारा मौका मिलेगा और किन नेताओं का पत्ता कटेगा।
युवा नेताओं के बीच भी नई जिम्मेदारियों को लेकर उम्मीद बढ़ी है। पार्टी संगठन को कैडर बेस और तेजी से काम करने वाली टीम में बदलने की कोशिश में है।
नई टीम के सामने बड़ी चुनौती
छत्तीसगढ़ में विपक्ष की भूमिका निभा रही कांग्रेस के लिए नई PCC टीम काफी अहम मानी जा रही है। पार्टी को आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों और चुनावी चुनौतियों के लिए संगठन को बूथ से लेकर प्रदेश स्तर तक ज्यादा सक्रिय करना होगा।
ऐसे में दीपक बैज की नई टीम सिर्फ पदों का फेरबदल नहीं, बल्कि कांग्रेस के संगठनात्मक चेहरे में बड़े बदलाव का संकेत मानी जा रही है।
अब नजर इस बात पर है कि AICC की अंतिम मुहर के बाद PCC की नई सूची में कौन अंदर आता है और किन पुराने चेहरों की संगठन से विदाई होती है।
