भूख हड़ताल पर बैठे सोनम वांगचुक मेदांता अस्पताल शिफ्ट, ICU में भर्ती; नड्डा-जितेंद्र सिंह ने की मुलाकात

गुरुग्राम/नई दिल्ली। लद्दाख के सामाजिक कार्यकर्ता और नवाचारक सोनम वांगचुक को दिल्ली हाई कोर्ट के आदेश के बाद दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल से गुरुग्राम स्थित मेदांता अस्पताल में शिफ्ट कर दिया गया है। उन्हें इंटरनल मेडिसिन स्पेशलिस्ट डॉ. सुशीला कटारिया की निगरानी में ICU-8 में भर्ती किया गया है। उनकी स्वास्थ्य स्थिति पर डॉक्टरों की टीम लगातार नजर बनाए हुए है।
सूत्रों के अनुसार, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा और केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने मंगलवार को मेदांता अस्पताल पहुंचकर सोनम वांगचुक से मुलाकात की। हालांकि, दोनों नेताओं और वांगचुक के बीच क्या बातचीत हुई, इसकी आधिकारिक जानकारी अभी सामने नहीं आई है।
डॉक्टरों के मुताबिक, सोनम वांगचुक पैन्साइटोपेनिया (Pancytopenia) से पीड़ित हैं। इसके अलावा उनके सीरम पोटेशियम का स्तर 3.4 mEq/L दर्ज किया गया है, जो सामान्य से थोड़ा कम है। मंगलवार देर शाम तक उनका ताजा हेल्थ बुलेटिन जारी नहीं किया गया था।
अस्पताल में तीन-स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था
सोनम वांगचुक की सुरक्षा को देखते हुए मेदांता अस्पताल में थ्री-लेयर सिक्योरिटी लागू की गई है। मुख्य प्रवेश द्वार पर अस्पताल की सुरक्षा टीम के साथ गुरुग्राम पुलिस तैनात है और अस्पताल में आने वाले हर व्यक्ति की जांच की जा रही है।
दूसरे सुरक्षा घेरे में उस परिसर के बाहर हरियाणा और दिल्ली पुलिस के जवान तैनात हैं, जहां वांगचुक भर्ती हैं। यहां केवल भर्ती मरीजों और निर्धारित समय पर उनके एक अधिकृत अटेंडेंट को ही प्रवेश की अनुमति दी जा रही है।
तीसरे और सबसे कड़े सुरक्षा घेरे में वह ICU क्षेत्र शामिल है, जहां सोनम वांगचुक का इलाज चल रहा है। इस क्षेत्र में प्रशासन की विशेष अनुमति के बिना किसी भी व्यक्ति को प्रवेश नहीं दिया जा रहा है। चिकित्सकों की टीम उनकी सेहत की लगातार निगरानी कर रही है।
