Sachin Tendulkar Bastar Visit: परिवार के साथ बस्तर पहुंचे सचिन तेंदुलकर, क्रिकेट ग्राउंड का करेंगे उद्घाटन
Sachin Tendulkar Visit Dantewada with Family: आज क्रिकेट के भगवान कहे जाने वाले सचिन तेंदुलकर अपनी बेटी और बहू के साथ दंतेवाड़ा पहुंचे हैं. जहां से वे छिंदनार जाएंगे, वहां आदिवासी बच्चों से मुलाकात करेंगे. इसके अलावा सचिन नए खेल मैदान का उद्घाटन करेंगे. वहीं विभिन्न सामाजिक और खेल गतिविधियों में हिस्सा लेंगे, जहां बच्चों के साथ संवाद और खेल कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे.
छिंदनार गांव में बच्चों के साथ खेलेंगे क्रिकेट
सचिन तेंदुलकर दंतेवाड़ा के अबूझमाड़ से सटे इंद्रावती नदी किनारे स्थित ग्राम छिंदनार में स्थानीय बच्चों के साथ क्रिकेट खेलते नजर आएंगे. यह कार्यक्रम ग्रामीण खेलों को बढ़ावा देने और बच्चों में खेल के प्रति रुचि विकसित करने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है.

नक्सल प्रभावित क्षेत्र में खेल को बढ़ावा देने की पहल
सचिन तेंदुलकर फाउंडेशन ने छिंदनार क्षेत्र में ग्रामीण खेलों और बच्चों के प्रशिक्षण के लिए पहले भी पहल की थी, जब यह इलाका नक्सल प्रभावित था. अब क्षेत्र में हालात सुधरने के बाद सचिन स्वयं यहां पहुंचकर बच्चों से मुलाकात करेंगे.
सचिन तेंदुलकर की संस्था कर रही काम
सचिन तेंदुलकर की संस्था दंतेवाड़ा में खेलों को बढ़ावा देने के लिए काम कर रही है. जिले में 15 खेल मैदान तैयार किए जा चुके हैं. 25 स्कूलों, आश्रमों और पोटाकेबिन में खेल गतिविधियां लगातार संचालित हो रही हैं.

सीमित जगह में मल्टी-यूज ग्राउंड विकसित किए गए हैं, जहां क्रिकेट के साथ अन्य खेल भी खेले जा सकते हैं. गीदम ब्लॉक के छिंदनार, कासोली, गुमड़ा, कारली, बांगापाल समेत कई स्कूलों में मैदान तैयार हो चुके हैं, जबकि दंतेवाड़ा ब्लॉक के चितालूर, मेंडोली, गोडरे, भांसी सहित अन्य स्थानों पर भी काम जारी है.











