रात में खड़ी गाड़ियों को बनाता था निशाना, पेट्रोल डालकर लगाई आग; एक ही आरोपी ने खोले दो वारदातों के राज

बिलासपुर। सरकंडा इलाके में खड़ी गाड़ियों में आग लगाकर दहशत फैलाने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि अलग-अलग दिनों में स्कूटी और मोटरसाइकिल जलाने की दोनों वारदातों के पीछे एक ही आरोपी था। आरोपी ने पहले स्कूटी में पेट्रोल डालकर आग लगाई और फिर शराब के लिए पैसे नहीं देने पर एक व्यक्ति की बाइक चोरी कर उसे भी आग के हवाले कर दिया।
पुलिस ने आरोपी महेश कुमार साहू उर्फ भोला साहू उर्फ गजनी उर्फ पेचकस (29) निवासी भंडारी प्लांट, बंधवापारा, सरकंडा को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पहली वारदात में स्कूटी को बनाया निशाना
पुलिस के मुताबिक पहली घटना 10 सितंबर की रात सूर्या चौक चिंगराजपारा में हुई। द्वारका प्रसाद यादव के किराए के मकान के पास गौरी देवांगन की स्कूटी क्रमांक CG 10 BE 3159 खड़ी थी।
रात करीब 12 बजे से 3 बजे के बीच अज्ञात व्यक्ति ने स्कूटी में पेट्रोल डालकर आग लगा दी। आग इतनी भीषण थी कि स्कूटी के साथ उसमें रखा सामान भी जलकर क्षतिग्रस्त हो गया। मामले में सरकंडा थाने में अपराध क्रमांक 1288/2026, धारा 326(g) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज किया गया था।
दूसरी वारदात में पैसे मांगे, इनकार पर बाइक जला दी
इसके महज कुछ दिन बाद 13 सितंबर की रात बंधवापारा में दूसरी वारदात सामने आई। पुलिस के अनुसार आरोपी ने नफीस खान से शराब पीने के लिए पैसे मांगे। पैसे देने से इनकार करने पर आरोपी ने गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी।
इसके बाद आरोपी ने नफीस खान की हीरो स्प्लेंडर बाइक क्रमांक CG 10 EE 7267 चोरी की और उसे बंधवापारा भंडारी प्लांट रोड के पास ले जाकर आग लगा दी।
इस मामले में सरकंडा थाने में अपराध क्रमांक 1320/2026, धारा 119(1), 296, 351(2), 326(f) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज किया गया।
दो केस, एक आरोपी… ऐसे खुला राज
दोनों घटनाओं की जांच के दौरान पुलिस को वारदातों के बीच कड़ी नजर आई। मुखबिर से मिली सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने महेश कुमार साहू को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपी ने दोनों घटनाओं को अंजाम देना स्वीकार किया। अपने मेमोरेंडम कथन में उसने बताया कि 13 सितंबर की रात उसने नफीस खान की मोटरसाइकिल चोरी कर उसमें आग लगाई थी। वहीं इससे पहले 10 सितंबर को सूर्या चौक चिंगराजपारा में गौरी देवांगन की स्कूटी में बोतल से पेट्रोल डालकर आग लगाने की बात भी स्वीकार की।
न्यायिक रिमांड पर भेजा गया आरोपी
पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। यह कार्रवाई पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर रजनेश सिंह के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर पंकज पटेल और नगर पुलिस अधीक्षक सरकंडा तिलेश्वर प्रसाद यादव के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी प्रदीप आर्य के नेतृत्व में सरकंडा पुलिस टीम ने की।
