पोला उत्सव मनाने निकले थे, रास्ते में मौत ने घेरा: पिकअप-ट्रक भिड़ंत में छत्तीसगढ़ के 9 लोगों की मौत


कवर्धा, 11 सितंबर 2026। महाराष्ट्र के भंडारा जिले में नागपुर-रायपुर नेशनल हाईवे पर देर रात हुए भीषण सड़क हादसे ने छत्तीसगढ़ को झकझोर दिया। लखनी तालुका के पिंपलगांव रोड स्थित भाऊ ढाबा के पास तेज रफ्तार पिकअप और ट्रक की जोरदार भिड़ंत में छत्तीसगढ़ के 9 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में तीन मासूम बच्चे भी शामिल बताए जा रहे हैं। हादसे में कई लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें उपचार के लिए भंडारा जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक छत्तीसगढ़ के अलग-अलग इलाकों से 19 महिलाएं और अन्य लोग पिकअप वाहन में सवार होकर पोला उत्सव में शामिल होने नागपुर जा रहे थे। इसी दौरान भंडारा जिले में पिंपलगांव रोड के पास पिकअप की ट्रक से आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पिकअप वाहन का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में 8 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक महिला ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। घटना में शामिल ट्रक का नंबर UP 72 BT 7974 बताया जा रहा है।

कवर्धा और खैरागढ़ के लोगों ने गंवाई जान

हादसे में जान गंवाने वालों में कवर्धा जिले के लोहारा और बांधटोला क्षेत्र तथा खैरागढ़ के चिचोला क्षेत्र के लोग शामिल बताए जा रहे हैं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मृतकों में पांच लोग कवर्धा जिले के लोहारा विकासखंड के रहने वाले थे।

मृतकों के नाम

  • जंबाई रामावतार वर्मा — भांडेवाड़ी, नागपुर
  • मीनाक्षी राजकुमार वर्मा — लोहारा, छत्तीसगढ़
  • धैर्य रूपेश उये, उम्र 4 वर्ष — चिचोला, खैरागढ़
  • स्वीटी रूपेश उइके, उम्र 6 वर्ष — चिचोला, खैरागढ़
  • गायत्री रूपेश उइके, उम्र 30 वर्ष — चिचोला, खैरागढ़
  • गणेशिया अरावत पटेल, उम्र 22 वर्ष — बांधटोला, कवर्धा
  • सरिता विजय वर्मा, उम्र 30 वर्ष — लोहारा, कवर्धा

दो मृतकों की पहचान फिलहाल नहीं हो सकी है।

तीन मासूमों की मौत से पसरा मातम

हादसे में तीन छोटे बच्चों की मौत की जानकारी सामने आई है। मृतकों में 4 वर्षीय धैर्य रूपेश उये और 6 वर्षीय स्वीटी रूपेश उइके के नाम सामने आए हैं। तीसरे बच्चे की पहचान की जानकारी फिलहाल स्पष्ट नहीं है। मासूमों की मौत की खबर से संबंधित इलाकों में मातम पसरा हुआ है।

ये खबर भी पढ़ें…
Plugin developed by ProSEOBlogger. Get free gpl themes.

घायलों को जिला अस्पताल में कराया गया भर्ती

हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों और हाईवे पुलिस की मदद से तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। घायलों को दुर्घटनाग्रस्त वाहन से बाहर निकालकर भंडारा जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां कई घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।

घटना की सूचना मिलते ही गाडेगांव स्थित राजमार्ग पुलिस सहायता केंद्र के प्रमुख रविंद्र रेवतकर अपने सहयोगियों और ग्रामीणों के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस टीम ने दुर्घटनाग्रस्त पिकअप से शवों को बाहर निकाला और घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की।

पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर तेज रफ्तार को हादसे की वजह माना जा रहा है। हालांकि दुर्घटना की वास्तविक वजह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

cgnews24 Team

CGNews24 Team अनुभवी पत्रकारों और उत्साही लेखकों का एक समर्पित समूह। हमारा लक्ष्य छत्तीसगढ़ के स्थानीय मुद्दों से लेकर देश-दुनिया की प्रमुख घटनाओं की सबसे तेज़, सटीक और निष्पक्ष कवरेज 24x7 आप तक पहुँचाना है। हमसे जुड़ें: संपर्क करें (Email) | हमारी संपादकीय नीति पढ़ें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

होमछत्तीसगढ़ खबरेंराजनीतिWhatsapp