PM सूर्य घर योजना से घट रहा बिजली बिल, सौर ऊर्जा अपनाकर परिवार हो रहे आत्मनिर्भर
रायपुर, 7 अगस्त 2026। प्रधानमंत्री सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना छत्तीसगढ़ में आम नागरिकों के लिए आर्थिक राहत और स्वच्छ ऊर्जा का प्रभावी माध्यम बन रही है। योजना के तहत घरों की छतों पर रूफटॉप सोलर पैनल लगाए जा रहे हैं, जिससे परिवार अपनी बिजली की जरूरतें सौर ऊर्जा से पूरी कर रहे हैं और बिजली बिल में उल्लेखनीय बचत कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार द्वारा योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। विद्युत विभाग नागरिकों को योजना की प्रक्रिया, लाभ और सौर ऊर्जा के महत्व की जानकारी देकर अधिक से अधिक लोगों को इससे जोड़ने का प्रयास कर रहा है।
बिजली बिल में बचत, पर्यावरण को भी लाभ
योजना के तहत घरों की छत पर लगाए गए सोलर पैनल सूर्य की रोशनी से बिजली का उत्पादन करते हैं। घरेलू उपयोग के बाद बची हुई बिजली ग्रिड में भेजी जा सकती है। इससे उपभोक्ताओं के बिजली खर्च में कमी आती है और स्वच्छ एवं हरित ऊर्जा को बढ़ावा मिलता है, जिससे पर्यावरण संरक्षण में भी मदद मिलती है।
जशपुर के संदीप गुप्ता ने साझा किया अनुभव
जशपुर जिले के कुनकुरी निवासी संदीप कुमार गुप्ता ने बताया कि पहले उनके घर का बिजली बिल अपेक्षाकृत अधिक आता था, लेकिन प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के तहत सोलर पैनल लगवाने के बाद हर महीने बिजली बिल में काफी कमी आई है। इससे परिवार के मासिक बजट पर सकारात्मक असर पड़ा है और अच्छी आर्थिक बचत हो रही है।
उन्होंने कहा कि यह योजना आम नागरिकों के लिए बड़ी राहत साबित हो रही है क्योंकि इससे बिजली खर्च कम होने के साथ-साथ स्वच्छ ऊर्जा अपनाने का अवसर भी मिल रहा है।
अधिक से अधिक लोगों से योजना अपनाने की अपील
संदीप कुमार गुप्ता ने प्रदेशवासियों से प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना का लाभ उठाने और अपने घरों में सौर ऊर्जा अपनाने की अपील की। उनका कहना है कि अधिक परिवारों के सौर ऊर्जा से जुड़ने से बिजली की बचत के साथ पर्यावरण संरक्षण को भी मजबूती मिलेगी।

