अब अंगूठा लगाते ही चंद सेकंड में मिलेगा राशन, बिलासपुर में शुरू हुआ अन्नपूर्ति ग्रेन एटीएम




बिलासपुर, 8 अगस्त। राशन लेने के लिए अब हितग्राहियों को लंबी प्रक्रिया से नहीं गुजरना पड़ेगा। बिलासपुर के सरकंडा में शनिवार को अन्नपूर्ति ग्रेन एटीएम की शुरुआत की गई। उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने इसका शुभारंभ किया, जबकि खाद्य मंत्री दयालदास बघेल वर्चुअल माध्यम से कार्यक्रम में जुड़े।

संयुक्त राष्ट्र विश्व खाद्य कार्यक्रम के सहयोग से खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग ने इस मशीन को शुरू किया है। इसका मकसद राशन वितरण की व्यवस्था को आसान और पारदर्शी बनाना है।

अंगूठा लगाते ही मशीन बताएगी कितना राशन मिलेगा

अन्नपूर्ति ग्रेन एटीएम से राशन लेने के लिए हितग्राही को सबसे पहले मशीन पर आधार आधारित बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण करना होगा। अंगूठे का निशान सत्यापित होने के बाद मशीन की स्क्रीन पर हितग्राही को मिलने वाले राशन की मात्रा दिखाई देगी।

इसके बाद खाली थैला मशीन के नीचे रखना होगा और बटन दबाते ही तय मात्रा में खाद्यान्न अपने आप थैले में भर जाएगा। यानी राशन वितरण में न तो ज्यादा समय लगेगा और न ही तौल को लेकर किसी तरह की परेशानी होने की संभावना रहेगी।

मौके पर किया गया मशीन से राशन वितरण का डेमो

ग्रेन एटीएम के शुभारंभ के दौरान मशीन से राशन निकालकर भी दिखाया गया। इस नई व्यवस्था को देखने के लिए बड़ी संख्या में राशन कार्डधारी और स्थानीय लोग मौजूद रहे। लोगों ने मशीन की तौल और राशन मिलने की तेज प्रक्रिया को लेकर उत्सुकता दिखाई।

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि तकनीक के इस्तेमाल से राशन वितरण व्यवस्था में पारदर्शिता बढ़ेगी और हितग्राहियों को सुविधा मिलेगी। शासन की कोशिश है कि सार्वजनिक वितरण प्रणाली का लाभ जरूरतमंद लोगों तक आसान तरीके से पहुंचे।

कार्यक्रम में विधायक सुशांत शुक्ला, महापौर पूजा विधानी, जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी, कलेक्टर संजय अग्रवाल, पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह, निगम आयुक्त प्रकाश सर्वे, जिला पंचायत सीईओ संदीप अग्रवाल, खाद्य नियंत्रक अमृत कुजूर, नान जिला प्रबंधक नितिन दीवान और संयुक्त राष्ट्र विश्व खाद्य कार्यक्रम की नताशा कुमारी पनवार सहित जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।

cgnews24 Team

CGNews24 Team अनुभवी पत्रकारों और उत्साही लेखकों का एक समर्पित समूह। हमारा लक्ष्य छत्तीसगढ़ के स्थानीय मुद्दों से लेकर देश-दुनिया की प्रमुख घटनाओं की सबसे तेज़, सटीक और निष्पक्ष कवरेज 24x7 आप तक पहुँचाना है। हमसे जुड़ें: संपर्क करें (Email) | हमारी संपादकीय नीति पढ़ें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

होमछत्तीसगढ़ खबरेंराजनीतिWhatsapp