कैदी छोड़ने आए थे पुलिसकर्मी, खुद नशे में मिले सड़क किनारे! पास में पड़ी थी सरकारी इंसास राइफल, वीडियो हुआ वायरल

अंबिकापुर, 18 अक्टूबर 2026। छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में पुलिस महकमे को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। दुर्ग जिले में पदस्थ एक सब इंस्पेक्टर (SI) जीवन प्रकाश एक्का और कांस्टेबल ऋषिकांत कथित तौर पर शराब के नशे में प्रतीक्षा बस स्टैंड के पास सड़क किनारे पड़े मिले। हैरानी की बात यह रही कि उनके पास ही सरकारी इंसास राइफल लावारिस हालत में पड़ी थी। घटनाक्रम का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित होने के बाद पुलिसकर्मियों की जिम्मेदारी और सरकारी हथियारों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
जानकारी के मुताबिक, दोनों पुलिसकर्मी दुर्ग से एक कैदी को अंबिकापुर केंद्रीय जेल में दाखिल कराने आए थे। कैदी को जेल में छोड़ने के बाद वे प्रतीक्षा बस स्टैंड के पास पहुंचे। आरोप है कि यहां दोनों नशे की हालत में सड़क किनारे पड़े मिले। स्थानीय लोगों की नजर जब पुलिसकर्मियों पर पड़ी, तो पास में सरकारी इंसास राइफल भी दिखाई दी। सार्वजनिक स्थान पर हथियार इस तरह पड़े होने से लोगों में हड़कंप मच गया। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।

लावारिस हालत में मिली इंसास राइफल, पुलिस ने कब्जे में लिया हथियार
सूचना मिलते ही बस स्टैंड चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने लावारिस हालत में पड़ी इंसास राइफल को अपने कब्जे में लिया और दोनों पुलिसकर्मियों को वहां से हटाया। इसी दौरान घटनाक्रम का वीडियो भी बनाया गया, जो अब इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो रहा है।
सरकारी हथियार की सुरक्षा पुलिसकर्मियों की अहम जिम्मेदारी होती है। ऐसे में सार्वजनिक स्थान पर राइफल लावारिस हालत में मिलने की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

एसएसपी ने लिया संज्ञान, विभागीय कार्रवाई पर नजर
मामले की गंभीरता को देखते हुए सरगुजा और दुर्ग के एसएसपी ने घटनाक्रम का संज्ञान लिया है। हालांकि, उपलब्ध जानकारी के अनुसार, समाचार लिखे जाने तक दोनों पुलिसकर्मियों के खिलाफ की गई विभागीय कार्रवाई हुई ।

