कलिंगा विश्वविद्यालय में इंडक्शन प्रोग्राम 2026 का आयोजन, नए छात्रों का पारंपरिक स्वागत

रायपुर, 5 अगस्त।कलिंगा विश्वविद्यालय में बुधवार को इंडक्शन प्रोग्राम-2026 का आयोजन कर नवप्रवेशित छात्रों का पारंपरिक और उत्साहपूर्ण स्वागत किया गया। विश्वविद्यालय परिसर में छात्रों का ढोल-नगाड़ों, तिलक और आरती के साथ स्वागत किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य नए विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था, संकाय, विभागों और परिसर के वातावरण से परिचित कराना था।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ, जिसके बाद रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने माहौल को उत्साहपूर्ण बना दिया। इस दौरान विश्वविद्यालय प्रबंधन, कुलपति प्रो. डॉ. आर. श्रीधर, महानिदेशक डॉ. बायजू जॉन, प्रति-कुलपति प्रो. डॉ. मोनिका सेठी शर्मा तथा कुलसचिव डॉ. संदीप गांधी का पॉटेड प्लांट भेंटकर सम्मान किया गया।
कुलपति प्रो. डॉ. आर. श्रीधर ने छात्रों को अनुशासन, नवाचार, अनुसंधान और नैतिक मूल्यों के साथ उत्कृष्टता की ओर बढ़ने का संदेश दिया। वहीं प्रति-कुलपति प्रो. डॉ. मोनिका सेठी शर्मा ने प्रेरक उदाहरणों और स्टार्टअप सफलता की कहानियों के माध्यम से छात्रों को करियर में सफलता के लिए प्रेरित किया।
कुलसचिव डॉ. संदीप गांधी ने विश्वविद्यालय की 12 वर्षों की उपलब्धियों और भविष्य की विकास योजनाओं की जानकारी देते हुए शैक्षणिक कार्यक्रमों, अनुसंधान अवसरों, कौशल विकास, छात्र क्लबों और खेल गतिविधियों पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम में पूर्व छात्र एवं डॉ. अनिल प्रधान ने अपने अनुभव साझा करते हुए सफलता के पांच प्रमुख स्तंभ—पहुँच, नामांकन, प्रतिधारण, उपलब्धि और समानता—पर चर्चा की। वहीं बीएससी बायोटेक्नोलॉजी की छात्रा शिप्रा साहू ने नए विद्यार्थियों को प्रारंभ से ही करियर योजना और व्यक्तित्व विकास पर ध्यान देने की सलाह दी।
विश्वविद्यालय के विभिन्न संकायों के डीन, निदेशकों और विभागाध्यक्षों ने भी छात्रों का स्वागत करते हुए उन्हें गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और सर्वांगीण विकास का भरोसा दिलाया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों और लाइव बैंड की प्रस्तुति ने समारोह को यादगार बना दिया।
अंत में छात्र कल्याण डीन लेफ्टिनेंट विभा चंद्राकर ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया। राष्ट्रगान और समूह छायाचित्र के साथ इंडक्शन प्रोग्राम-2026 का समापन हुआ।