IAS Amit Kumar: बारिश में भी नहीं रुका कलेक्टर का दौरा; बरसते पानी में जंगल, नदी पार कर पहुंचे गांववालों के बीच, छाता तानकर सुनीं ग्रामीणों की समस्याएं
दो नदियां पार कर नक्सल प्रभावित वनांचल पहुंचे सुकमा कलेक्टर अमित कुमार, ग्रामीणों के बीच बैठकर सुनीं समस्याएं; बिजली, वनाधिकार, स्वास्थ्य और पीएम आवास से जुड़े मामलों का मौके पर समाधान

सुकमा, 21 जुलाई 2026. छत्तीसगढ़ शासन की योजनाओं और सुशासन को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने की मुहिम के तहत सुकमा जिले में एक बड़ी प्रशासनिक मिसाल देखने को मिली है। सुकमा कलेक्टर अमित कुमार और जिला पंचायत सीईओ मुकुन्द ठाकुर ने जिले के धुर नक्सल प्रभावित और सुदूर वनांचल स्थित गुमोड़ी, कोंडासावली और तारलागुड़ा गांवों का सघन दौरा किया।
रास्ते में पड़ने वाली दो नदियों को पार कर जब अधिकारी इन गांवों में पहुंचे, तो बिना किसी तामझाम या औपचारिकता के ग्रामीणों के बीच जमीन पर बैठकर जनचौपाल लगाई। इस दौरान बारिश भी बाधा बनी, लेकिन छाता तानकर अधिकारियों ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और कई मामलों का मौके पर ही निपटारा किया।
‘108’ एंबुलेंस सेवा की जमीनी हकीकत परखने ग्रामीण से ही लगवा दिया फोन
तारलागुड़ा में नवनिर्मित सुशासन परिसर का निरीक्षण करने पहुंचे कलेक्टर अमित कुमार ने प्रशासनिक मुस्तैदी और आपातकालीन सेवाओं की जागरूकता परखने के लिए एक अनोखा प्रयोग किया। उन्होंने वहीं खड़े एक ग्रामीण से स्वयं ‘108’ एंबुलेंस सेवा पर कॉल करवाया। कॉल का तुरंत रिस्पॉन्स मिलने के बाद कलेक्टर ने कहा कि आपातकालीन सेवाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक हर हाल में पहुंचना चाहिए।
इसके साथ ही उन्होंने उपस्वास्थ्य केंद्र कोंडासावली में ग्रामीणों की मांग पर तत्काल नई एंबुलेंस उपलब्ध कराने, स्वास्थ्य केंद्र में पर्दे, पेवर ब्लॉक रैंप, योगा शेड और सोकपीट निर्माण के निर्देश दिए।
इमली की छांव में लगी चौपाल, बच्चों ने सुनाई ABCD तो स्कूल को मिली सौगात
दौरे का पहला पड़ाव गुमोड़ी पंचायत रहा, जहां इमली के पेड़ की छांव में जनचौपाल सजी। ग्रामीणों ने शिकायत की कि उनके जमीन के दस्तावेज गुम हो चुके हैं। इस पर कलेक्टर ने गांव में ही विशेष राजस्व शिविर लगाकर नए दस्तावेज तैयार करने के निर्देश दिए। प्राथमिक शाला के निरीक्षण के दौरान जब बच्चों ने कलेक्टर को कड़क अंदाज में गिनती और एबीसीडी सुनाई, तो वे बेहद प्रसन्न हुए। उन्होंने मौके पर ही स्कूल परिसर में पेवर ब्लॉक, बाउंड्रीवाल और नए रसोईघर के निर्माण की मंजूरी दे दी।

पीएम आवास के खातों से मौके पर हटवाया बैंक होल्ड
तारलागुड़ा गांव में पीएम आवास योजना के दो हितग्राहियों ने शिकायत की कि उनके खाते में आवास की राशि नहीं आ रही है। कलेक्टर ने बिना देर किए मौके पर ही जांच करवाई, तो पता चला कि बैंक खाते में तकनीकी होल्ड लगा हुआ है। उन्होंने संबंधित सचिव को तत्काल बैंक से संपर्क कर होल्ड हटवाने के निर्देश दिए ताकि गरीबों के मकान का काम न रुके।
वहीं, कोंडासावली गांव में आम के पेड़ के नीचे चौपाल के दौरान तेज बारिश शुरू हो गई। इसके बावजूद कलेक्टर छाता लेकर ग्रामीणों के बीच खड़े रहे। उन्होंने बिजली की समस्या को 3 दिन में और पात्र ग्रामीणों को 45 दिन के भीतर विशेष शिविर लगाकर नए वनाधिकार पट्टे (FRC) वितरित करने का भरोसा दिलाया।
“सुशासन फाइलों में नहीं, गांव की चौपाल में दिखना चाहिए”
बता दें कि 2019 बैच के छत्तीसगढ़ कैडर के आईएएस (IAS) अधिकारी अमित कुमार ने दिसंबर 2025 में सुकमा कलेक्टर का पदभार संभाला है और तब से वे लगातार मैदानी दौरों पर हैं।
कलेक्टर अमित कुमार ने कहा—
“वास्तविक सुशासन फाइलों में बंद नहीं रहना चाहिए, बल्कि यह गांव की चौपाल में दिखना चाहिए। सुशासन परिसर का निर्माण पूरा होते ही मैं दोबारा इन गांवों का रुख करूंगा और दी गई जिम्मेदारियों की समीक्षा करूंगा।”
लगातार बारिश के बीच हुआ अधिकारियों का यह दौरा वनांचल में प्रशासन और जनता के बीच बढ़ते भरोसे का एक बड़ा प्रतीक बनकर सामने आया है।
