99 का ब्रेक इन सर्विस, 17 निलंबित; हड़ताली पटवारियों पर सरकार का बड़ा एक्शन, 13 अक्टूबर से जारी है हड़ताल
जिले की 10 तहसीलों में 136 पटवारी हड़ताल पर, 44 कर रहे काम; कारण बताओ नोटिस के बाद भी ड्यूटी पर नहीं लौटने वालों पर प्रशासन ने की अनुशासनात्मक कार्रवाई

रायपुर/जगदलपुर, 12 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ में पटवारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल के बीच बस्तर जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। 13 अक्टूबर से हड़ताल पर बैठे पटवारियों के खिलाफ बड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई करते हुए 99 पटवारियों की हड़ताल अवधि को ब्रेक इन सर्विस यानी सेवा में व्यवधान घोषित कर दिया गया है। वहीं, 17 पटवारियों को निलंबित किया गया है।
जिला प्रशासन की इस कार्रवाई से हड़ताली पटवारियों में हलचल बढ़ने की संभावना है। प्रशासन के मुताबिक, पहले सभी हड़ताली पटवारियों को कारण बताओ नोटिस जारी कर काम पर लौटने के निर्देश दिए गए थे। इसके बावजूद ड्यूटी पर वापस नहीं आने के बाद यह कार्रवाई की गई।
जिले के 136 पटवारी हड़ताल पर, 44 कर रहे काम
प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार, बस्तर जिले की 10 तहसीलों में कुल 180 पटवारी पदस्थ हैं। इनमें 30 प्रशिक्षु पटवारी भी शामिल हैं। इनमें से 136 पटवारी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले गए हैं, जबकि 44 पटवारी अपने कर्तव्यों का निर्वहन कर रहे हैं।
हड़ताल के कारण राजस्व विभाग के कामकाज पर असर पड़ रहा है। किसानों से जुड़े अभिलेखों के सत्यापन से लेकर आम लोगों के राजस्व संबंधी कार्यों तक में परेशानी की स्थिति बनी हुई है। इसी के चलते प्रशासन ने पहले नोटिस जारी किए और फिर अनुशासनात्मक कार्रवाई की।
जगदलपुर और बस्तर तहसील में सबसे ज्यादा असर
तहसीलवार आंकड़ों के मुताबिक, जगदलपुर तहसील में 26 पदस्थ पटवारियों में से 25 हड़ताल पर हैं। यहां 23 पटवारियों के खिलाफ ब्रेक इन सर्विस की कार्रवाई की गई है और दो को निलंबित किया गया है। केवल एक पटवारी ड्यूटी पर है।
बस्तर तहसील में स्थिति और गंभीर है। यहां पदस्थ सभी 16 पटवारी हड़ताल पर हैं। प्रशासन ने इनके खिलाफ ब्रेक इन सर्विस की कार्रवाई की है। इसके अलावा दो पटवारियों को निलंबित भी किया गया है।
भानपुरी तहसील में 21 में से 14 पटवारी हड़ताल पर हैं। यहां 14 पर ब्रेक इन सर्विस और दो पर निलंबन की कार्रवाई की गई है। बकावण्ड में 21 में से 14 पटवारी हड़ताल पर हैं, जिनमें 13 पर ब्रेक इन सर्विस और एक पर निलंबन की कार्रवाई हुई है।
दूसरी तहसीलों में भी प्रशासन का सख्त रुख
लोहण्डीगुड़ा तहसील में 22 में से 11 पटवारी हड़ताल पर हैं। यहां 11 के खिलाफ ब्रेक इन सर्विस और दो के निलंबन की कार्रवाई की गई है। करपावण्ड में 12 में से 10 पटवारी हड़ताल पर हैं। सभी 10 के खिलाफ ब्रेक इन सर्विस और एक के निलंबन की कार्रवाई की गई है।
नानगुर में 10 में से आठ पटवारी हड़ताल पर हैं। यहां सात पर ब्रेक इन सर्विस और दो पर निलंबन की कार्रवाई हुई है। तोकापाल में 18 में से 16 पटवारी हड़ताल पर हैं, जबकि बास्तानार में 16 में से नौ और दरभा में 18 में से 13 पटवारी हड़ताल पर हैं। इन तहसीलों में भी प्रशासन ने सेवा में व्यवधान और निलंबन की कार्रवाई की है।
हड़ताल खत्म कराने प्रशासन का दबाव बढ़ा
पटवारी 13 अक्टूबर से अपनी मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर हैं। लंबे समय से जारी आंदोलन के कारण राजस्व विभाग के कई काम प्रभावित हो रहे हैं। धान खरीदी का सीजन शुरू होने के बीच किसानों के रिकॉर्ड, भूमि और फसल संबंधी सत्यापन जैसे काम भी महत्वपूर्ण हो गए हैं।
ऐसे में प्रशासन की कार्रवाई को हड़ताल खत्म कराने और सरकारी कामकाज बहाल करने के दबाव के तौर पर देखा जा रहा है। अब देखना होगा कि निलंबन और ब्रेक इन सर्विस की कार्रवाई के बाद पटवारी संघ आंदोलन जारी रखता है या सरकार और प्रशासन के साथ बातचीत का रास्ता खुलता है।
