दोस्ती, प्यार और फिर ब्लैकमेल…बिलासपुर में नाबालिग छात्रा से 10 महीने तक दुष्कर्म, होटल में किया था गलत काम, आरोपी गिरफ्तार
बिलासपुर, 2 जुलाई 2026. न्यायधानी बिलासपुर के तोरवा थाना क्षेत्र से नाबालिग स्कूली छात्रा के साथ दैहिक शोषण का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोपी युवक ने पहले नाबालिग से दोस्ती की, फिर प्यार का झांसा देकर लगभग 10 महीने तक उसका शारीरिक शोषण करता रहा। पीड़िता की शिकायत पर तोरवा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पीड़िता सिरगिट्टी थाना क्षेत्र की रहने वाली है और स्कूली छात्रा है। करीब एक वर्ष पहले उसकी मुलाकात आरोपी अभिषेक धीरज (पिता विजय धीरज) से हुई थी। अभिषेक ने पहले छात्रा से दोस्ती बढ़ाई और फिर प्रेम संबंध का भरोसा देकर उसे अपने झांसे में ले लिया।
दर्ज शिकायत के मुताबिक, अगस्त 2025 में आरोपी युवक छात्रा को घुमाने के बहाने तोरवा क्षेत्र के एक होटल में ले गया। वहां उसने छात्रा की मर्जी के खिलाफ उसके साथ पहली बार दुष्कर्म किया। जब पीड़िता ने इसका विरोध किया, तो आरोपी ने घटना की जानकारी किसी को भी देने पर उसे समाज में बदनाम करने की धमकी दी।
10 महीने तक करता रहा ब्लैकमेल और शोषण
पुलिस जांच में यह बात सामने आई है कि पहली घटना के बाद से आरोपी लगातार छात्रा पर दबाव बनाता रहा। 18 अगस्त 2025 से 6 जून 2026 के बीच आरोपी ने पीड़िता को डरा-धमकाकर कई बार उसका शारीरिक शोषण किया। जब भी पीड़िता ने उससे मिलने या बात करने से इनकार किया, आरोपी उसे बदनाम करने की धमकी देकर ब्लैकमेल करता रहा।
परिजनों को दी जानकारी, पुलिस ने भेजा जेल
आरोपी की लगातार बढ़ती प्रताड़ना और धमकियों से तंग आकर अंततः नाबालिग छात्रा ने हिम्मत जुटाई और पूरी आपबीती अपने परिजनों को बताई। मामले की गंभीरता को देखते हुए परिजन तत्काल उसे लेकर थाने पहुंचे।
तोरवा पुलिस ने नाबालिग से जुड़े इस संवेदनशील मामले में तत्परता दिखाते हुए आरोपी अभिषेक धीरज के खिलाफ विभिन्न धाराओं (पॉक्सो एक्ट सहित) के तहत अपराध दर्ज किया। पुलिस ने आरोपी को घेराबंदी कर गिरफ्तार किया और न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।



