Bilaspur News; मंगला में ₹10 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात, केंद्रीय मंत्री तोखन साहू और डिप्टी सीएम अरुण साव ने किया भूमिपूजन-लोकार्पण
बिलासपुर, 2 जुलाई 2026. बिलासपुर के बेलतरा विधानसभा क्षेत्र स्थित मंगला के माता चौरा परिसर में बुधवार को आयोजित कार्यक्रम में क्षेत्र को करीब 10 करोड़ रुपये के विकास कार्यों की सौगात मिली। केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू और प्रदेश के उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण किया। कार्यक्रम में बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला, छत्तीसगढ़ पाठ्यपुस्तक निगम के अध्यक्ष राजा पांडेय, महापौर पूजा विधानी, जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी समेत बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और क्षेत्रवासी मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान नगर निगम क्षेत्र के अलग-अलग वार्डों में आरसीसी सड़क, नाली, मंच-शेड, सामुदायिक भवन सहित कई आधारभूत विकास कार्यों का शुभारंभ किया गया। यादव समाज के लिए 25 लाख रुपये की लागत से सामुदायिक भवन बनाया जाएगा। वहीं बहतराई स्टेडियम में 3 करोड़ 62 लाख रुपये की लागत से बालक छात्रावास का निर्माण होगा। इसके अलावा बेलतरा विधानसभा के नगर निगम क्षेत्र के विभिन्न वार्डों में 7 करोड़ 49 लाख 84 हजार रुपये की लागत से सड़क, नाली, मंच-शेड और सामुदायिक भवन बनाए जाएंगे। तखतपुर विधानसभा क्षेत्र में भी 1 करोड़ 93 लाख रुपये की लागत से सामुदायिक भवन निर्माण का कार्य शुरू किया जाएगा।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश में विकास कार्य तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार अब केवल भूमिपूजन तक सीमित नहीं है, बल्कि तय समय में विकास कार्यों को पूरा कर जनता को समर्पित करने पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। सड़क, रेल, आवास, पेयजल और शहरी विकास के क्षेत्र में बिलासपुर लगातार आगे बढ़ रहा है।
उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि प्रदेश सरकार विकास कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ा रही है। उन्होंने बताया कि पिछले दो वर्षों में बिलासपुर नगर निगम को 437 करोड़ रुपये उपलब्ध कराए गए हैं, जिससे शहर और आसपास के क्षेत्रों में कई महत्वपूर्ण विकास कार्य किए जा रहे हैं।
इस दौरान अरुण साव ने विधायक सुशांत शुक्ला की मांग पर मंगला मुक्तिधाम के विकास के लिए 50 लाख रुपये और सामुदायिक भवन निर्माण के लिए 1 करोड़ रुपये देने की घोषणा की। साथ ही मंगला क्षेत्र की लंबे समय से चली आ रही पेयजल समस्या के स्थायी समाधान के लिए करीब 10 करोड़ रुपये की जल आवर्धन योजना को मंजूरी देने की बात कही। उन्होंने मंगला के गड्डा बाजार को व्यवस्थित रूप से धुरीपारा में स्थानांतरित करने पर भी सहमति दी। इन घोषणाओं का कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने तालियों के साथ स्वागत किया।
बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला ने कहा कि विधानसभा क्षेत्र में अब तक एक हजार करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्य स्वीकृत और संचालित किए जा चुके हैं। उनका कहना था कि क्षेत्र का कोई भी गांव या वार्ड विकास से अछूता न रहे, इसी सोच के साथ लगातार काम किया जा रहा है। सड़क, पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल और सामुदायिक सुविधाओं के विस्तार पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने उम्मीद जताई कि इन विकास कार्यों और नई घोषणाओं से मंगला सहित आसपास के क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाएं मजबूत होंगी और क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी।



