छत्तीसगढ़ में बनेगी फिल्म सिटी, देशभर के फिल्म निर्माताओं को बुलाने की तैयारी; शूटिंग डेस्टिनेशन बनाने पर सरकार का जोर

रायपुर। छत्तीसगढ़ को देश के प्रमुख फिल्म शूटिंग डेस्टिनेशन के रूप में विकसित करने की तैयारी तेज हो गई है। राज्य की प्राकृतिक खूबसूरती, जंगल, झरने, ऐतिहासिक धरोहर और समृद्ध आदिवासी संस्कृति को फिल्मी पर्दे के जरिए राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने की दिशा में सरकार ने पहल शुरू की है। इसके लिए राज्य की मौजूदा फिल्म नीति को नए सिरे से प्रभावी बनाने और बहुप्रतीक्षित चित्रोत्पला फिल्म सिटी परियोजना को आगे बढ़ाने पर मंथन किया जा रहा है।
बुधवार को मंत्रालय महानदी भवन में मुख्य सचिव विकासशील की अध्यक्षता में हुई उच्चस्तरीय बैठक में छत्तीसगढ़ को फिल्म निर्माण के बड़े केंद्र के रूप में स्थापित करने की संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा हुई। बैठक में अधिकारियों को प्रदेश के विभिन्न जिलों में फिल्म शूटिंग के लिहाज से उपयुक्त नए स्थानों की पहचान करने और उन्हें प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए गए।
फिल्म निर्माताओं के लिए आसान होगी शूटिंग की राह
सरकार का जोर ऐसी व्यवस्था विकसित करने पर है, जिससे फिल्म निर्माताओं और प्रोडक्शन हाउस को छत्तीसगढ़ में शूटिंग के लिए अनुकूल माहौल मिल सके। इसके लिए फिल्म शूटिंग की अनुमति प्रक्रिया को सरल, पारदर्शी और सुविधाजनक बनाने के साथ मौजूदा फिल्म नीति में जरूरी बदलावों पर विचार किया गया।
बैठक में चित्रोत्पला फिल्म सिटी के प्रस्ताव पर भी विशेष चर्चा हुई। फिल्म सिटी परियोजना को आकार मिलने से राज्य में फिल्म निर्माण से जुड़ी सुविधाओं का विस्तार हो सकता है। इससे फिल्म निर्माताओं को स्थानीय स्तर पर शूटिंग और प्रोडक्शन संबंधी संसाधन उपलब्ध कराने की संभावनाएं बढ़ेंगी।
पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा, स्थानीय युवाओं को रोजगार
छत्तीसगढ़ में फिल्म शूटिंग बढ़ने का सीधा लाभ पर्यटन उद्योग को मिलने की उम्मीद है। फिल्मों और वेब सीरीज के माध्यम से प्रदेश के पर्यटन स्थलों को देशभर में पहचान मिल सकती है। इससे होटल, परिवहन, स्थानीय कारोबार और पर्यटन से जुड़े अन्य क्षेत्रों में आर्थिक गतिविधियां बढ़ने की संभावना है।
इसके साथ ही स्थानीय कलाकारों, कैमरामैन, तकनीशियनों, मेकअप आर्टिस्ट, लाइटिंग स्टाफ और अन्य युवाओं के लिए रोजगार के अवसर पैदा हो सकते हैं। सरकार की मंशा फिल्म निर्माण को केवल शूटिंग तक सीमित न रखकर इससे जुड़े स्थानीय इकोसिस्टम को भी विकसित करने की है।
प्राकृतिक स्थलों की होगी पहचान
मुख्य सचिव विकासशील ने कहा कि छत्तीसगढ़ में फिल्म शूटिंग के लिए प्राकृतिक और सिनेमैटिक लोकेशन की व्यापक संभावनाएं हैं। प्रदेश की प्राकृतिक संपदा, सांस्कृतिक विरासत और विविध पर्यटन स्थलों को देश-विदेश के फिल्म निर्माताओं के सामने प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने की जरूरत है। उन्होंने अधिकारियों को नए संभावनाशील शूटिंग स्थलों की पहचान कर उन्हें विकसित और प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए।
फूड प्रोसेसिंग और प्रशिक्षण पर भी चर्चा
बैठक में निफ्टेम के प्रस्तावित भ्रमण तथा खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र में तकनीकी सुविधाओं और प्रशिक्षण के विस्तार पर भी चर्चा की गई। इस दौरान सामान्य प्रशासन विभाग के सचिव रजत कुमार, लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के सचिव अमित कटारिया, पर्यटन एवं संस्कृति विभाग के सचिव डॉ. एस. भारतीदासन, छत्तीसगढ़ राज्य लघु वनोपज सहकारी संघ की प्रबंध संचालक संजीता गुप्ता और वाणिज्य एवं उद्योग विभाग की उप सचिव आकांक्षा शिक्षा खलखो सहित वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
फिल्म नीति में बदलाव, चित्रोत्पला फिल्म सिटी और शूटिंग स्थलों के विकास की यह पहल यदि जमीन पर उतरती है, तो छत्तीसगढ़ फिल्म निर्माण के साथ पर्यटन और स्थानीय रोजगार के नए केंद्र के रूप में उभर सकता है।
