छत्तीसगढ़ में प्रधान आरक्षक गिरफ्तार; 5 लाख रुपये की मांगी थी रिश्वत, लेकिन 20 हजार लेते ही ACB ने दबोचा

राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने पुलिस विभाग के एक प्रधान आरक्षक को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान बसंतपुर थाने में पदस्थ प्रधान आरक्षक किशोर यादव के रूप में हुई है। आरोप है कि उसने एक प्रकरण में शिकायतकर्ता के पक्ष में कार्रवाई करने और उसे परेशान नहीं करने के एवज में पांच लाख रुपये की रिश्वत मांगी थी। एसीबी की टीम ने योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाकर उसे 20 हजार रुपये लेते हुए पकड़ लिया।
मिली जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता गौरव रायपुर के मंगल विहार मोवा का निवासी है। उसने एसीबी में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी कि प्रधान आरक्षक किशोर यादव उससे एक मामले में राहत देने और उसके पक्ष में कार्रवाई करने के बदले लगातार रिश्वत की मांग कर रहा है।
शिकायत के मुताबिक, आरोपी ने निजी लोन सेटलमेंट कराने के नाम पर पांच लाख रुपये की मांग की थी। शिकायतकर्ता रिश्वत देने के पक्ष में नहीं था और उसने आरोपी को रंगे हाथ पकड़वाने के लिए एसीबी से संपर्क किया।
केमिकल लगे नोट लेकर पहुंचा शिकायतकर्ता
शिकायत की जांच के बाद एसीबी ने आरोपी को पकड़ने के लिए ट्रैप की योजना बनाई। इसके तहत शिकायतकर्ता को 20 हजार रुपये के केमिकल लगे नोट दिए गए। तय योजना के मुताबिक जैसे ही प्रधान आरक्षक किशोर यादव ने शिकायतकर्ता से 20 हजार रुपये लिए, पहले से मौजूद एसीबी की टीम ने उसे मौके पर ही पकड़ लिया।
टीम ने आरोपी के कब्जे से केमिकल लगे 20 हजार रुपये के नोट भी बरामद किए। इसके बाद गवाहों के बयान दर्ज किए गए और पंचनामा तैयार किया गया।
भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत कार्रवाई
एसीबी ने प्रधान आरक्षक किशोर यादव को गिरफ्तार कर लिया है। उसके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 (संशोधित अधिनियम 2018) की धारा 7 के तहत कार्रवाई की जा रही है। पूछताछ और अन्य कानूनी औपचारिकताओं के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया जाएगा। पुलिस विभाग में हुई इस कार्रवाई के बाद महकमे में हलचल मची हुई है।
