CG-पुलिस की वर्दी में सोता मिला आरक्षक, सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल; SP ने किया सस्पेंड


सक्ती, 18 जून 2026: जिले के रक्षित केंद्र में पदस्थ आरक्षक जगजीवन टोण्डे (क्रमांक 48) को अनुशासनहीनता और कर्तव्य के प्रति गंभीर लापरवाही बरतने के आरोप में तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। आरक्षक के खिलाफ यह कार्रवाई सोशल मीडिया पर वर्दी में सोते हुए वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल कुमार ठाकुर के निर्देश पर की गई है।


14 दिनों से बिना सूचना गायब था आरक्षक
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरक्षक जगजीवन टोण्डे को बीते 03 जून 2026 को मालखरौदा में वारंट पेशी ड्यूटी के लिए भेजा गया था। कार्य संपन्न करने के बाद उसे वापस रक्षित केंद्र में आमद देनी थी, लेकिन आरक्षक ड्यूटी खत्म करने के बाद वापस नहीं लौटा। तब से लेकर 17 जून 2026 तक वह बिना किसी आधिकारिक सूचना के अपने कर्तव्य से अनाधिकृत रूप से अनुपस्थित था।


सोशल मीडिया पर वायरल हुआ शर्मसार करने वाला वीडियो
इसी बीच, आरक्षक का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। वीडियो में आरक्षक सक्ती के बुधवारी बाजार स्थित एक चबूतरे पर पुलिस की वर्दी पहने हुए संदिग्ध अवस्था में सोया हुआ दिखाई दे रहा है। खुलेआम सार्वजनिक स्थान पर वर्दी में इस तरह की स्थिति में मिलने से जिले की पुलिस की छवि धूमिल हुई है और विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठने लगे थे।


पुलिस अधीक्षक ने लिया संज्ञान, तुरंत की कार्रवाई
इस मामले को पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल कुमार ठाकुर ने अत्यंत गंभीरता से लिया है। आरक्षक के इस आचरण को कर्तव्य के प्रति घोर उदासीनता और अनुशासनहीनता मानते हुए एसपी ने उसे तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।


पुलिस विभाग में इस कार्रवाई को एक कड़ा संदेश माना जा रहा है, जिससे यह स्पष्ट है कि वर्दी की गरिमा गिराने और अनुशासन तोड़ने वाले किसी भी कर्मचारी को बख्शा नहीं जाएगा।

ये खबर भी पढ़ें…
Plugin developed by ProSEOBlogger. Get free gpl themes.

cgnews24 Team

CGNews24 Team अनुभवी पत्रकारों और उत्साही लेखकों का एक समर्पित समूह। हमारा लक्ष्य छत्तीसगढ़ के स्थानीय मुद्दों से लेकर देश-दुनिया की प्रमुख घटनाओं की सबसे तेज़, सटीक और निष्पक्ष कवरेज 24x7 आप तक पहुँचाना है। हमसे जुड़ें: संपर्क करें (Email) | हमारी संपादकीय नीति पढ़ें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

होमछत्तीसगढ़ खबरेंराजनीतिWhatsapp