CM विष्णुदेव साय का बड़ा ऐलान: ‘हनुमान अंश’ छत्तीसगढ़ में हुई टैक्स फ्री, सपरिवार फिल्म देखने पहुंचे मुख्यमंत्री, बोले, नीम करौली बाबा का जीवन मानव सेवा, प्रेम और भक्ति का प्रेरणादायी उदाहरण


रायपुर, 10 सितंबर 2026। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने गुरुवार को राजधानी रायपुर के जोरा मॉल स्थित सिनेमाघर में सपरिवार फिल्म ‘हनुमान अंश’ देखी। इस दौरान राज्यपाल रमेन डेका और विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह भी अपने परिवार के साथ मौजूद रहे। मंत्रिपरिषद के सदस्यों और विभिन्न निगम-मंडल-आयोगों के अध्यक्षों ने भी फिल्म का प्रदर्शन देखा।

फिल्म देखने के बाद मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बड़ा ऐलान करते हुए ‘हनुमान अंश’ को छत्तीसगढ़ में टैक्स फ्री करने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय संस्कृति, आध्यात्मिक विरासत और संत परंपरा से समाज को परिचित कराने वाली प्रेरणादायी फिल्मों को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचना चाहिए।

युवाओं को भारतीय संत परंपरा से जोड़ने की कोशिश

मुख्यमंत्री ने कहा कि फिल्म को टैक्स फ्री किए जाने से प्रदेश के अधिक से अधिक दर्शकों, विशेषकर युवाओं को भारत की समृद्ध संत परंपरा और जीवन मूल्यों को जानने का अवसर मिलेगा।

उन्होंने कहा कि भारत की संत परंपरा ने हमेशा समाज को सत्य, सेवा, करुणा, प्रेम और आध्यात्मिकता का मार्ग दिखाया है। संतों ने अपने जीवन और आचरण के माध्यम से मानवता और लोककल्याण का संदेश दिया है।

नीम करौली बाबा के जीवन पर आधारित है फिल्म

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि नीम करौली बाबा का जीवन इसी महान संत परंपरा का प्रेरणादायी उदाहरण है। उनका जीवन यह संदेश देता है कि मानव सेवा ही ईश्वर की सच्ची सेवा है।

उन्होंने कहा कि नीम करौली बाबा ने बेहद सरल शब्दों और सहज जीवन के माध्यम से प्रेम, सेवा और भक्ति का संदेश दिया। उनके विचारों में मानवता और सभी के प्रति समान भाव सर्वोपरि रहा। उनका संदेश आज भी प्रासंगिक है और समाज को सकारात्मक दिशा देने की क्षमता रखता है।

ये खबर भी पढ़ें…
Plugin developed by ProSEOBlogger. Get free gpl themes.

CM साय ने फिल्म की टीम को सराहा

मुख्यमंत्री ने फिल्म के निर्माताओं, निर्देशक, कलाकारों और पूरी टीम के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि सिनेमा केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं है, बल्कि समाज तक विचार, संस्कार और प्रेरणा पहुंचाने का प्रभावी माध्यम भी है।

उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति, आध्यात्मिक विरासत और संत परंपरा पर आधारित सकारात्मक फिल्में नई पीढ़ी को अपनी जड़ों, परंपराओं और मानवीय मूल्यों से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत की सांस्कृतिक शक्ति हजारों वर्षों पुरानी परंपराओं और जीवन मूल्यों में निहित है। सेवा, करुणा, सद्भाव और मानव कल्याण जैसे मूल्यों को आगे बढ़ाना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

उल्लेखनीय है कि ‘हनुमान अंश’ फिल्म नीम करौली बाबा के जीवन, उनकी आध्यात्मिक यात्रा तथा सेवा और भक्ति के संदेश पर आधारित है। इस अवसर पर मंत्रिपरिषद के सदस्य, विभिन्न निगम-मंडल-आयोगों के अध्यक्षों सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

cgnews24 Team

CGNews24 Team अनुभवी पत्रकारों और उत्साही लेखकों का एक समर्पित समूह। हमारा लक्ष्य छत्तीसगढ़ के स्थानीय मुद्दों से लेकर देश-दुनिया की प्रमुख घटनाओं की सबसे तेज़, सटीक और निष्पक्ष कवरेज 24x7 आप तक पहुँचाना है। हमसे जुड़ें: संपर्क करें (Email) | हमारी संपादकीय नीति पढ़ें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

होमछत्तीसगढ़ खबरेंराजनीतिWhatsapp