CM विष्णुदेव साय का तीखा प्रहार: कांग्रेस और INDI गठबंधन का असली चेहरा उजागर हुआ, ये कानून का विरोध नहीं, संकीर्ण सोच है
रायपुर, 18 अप्रैल 2026: महिला आरक्षण से जुड़ा संशोधन बिल लोकसभा में गिर जाने के बाद से ही बीजेपी लगातार कांग्रेस और इंडी गठबंधन पर हमलावर है. छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय भी कांग्रेस और इंडी गठबंधन पर जमकर भड़के. मुख्यमंत्री ने कहा कि बिल का विरोध करने के साथ ही कांग्रेस और इंडी गठबंधन का असली चेहरा एक बार फिर देश के सामने उजागर हो गया है.
‘मातृशक्ति के विश्वास और आशा पर आघात है’

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सोशल मीडिया साइट एक्स पर ट्वीट करके लिखा, ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम से जुड़े 31वें संविधान संशोधन विधेयक का विरोध केवल एक कानून का विरोध नहीं, यह देश की मातृशक्ति के अधिकार, सम्मान और नेतृत्व क्षमता को नकारने का प्रयास है. यह उस विश्वास और आशा पर आघात है, जो देश की करोड़ों बहनों ने अपने भविष्य को लेकर संजोई है.’
‘बिल का विरोध संकीर्ण सोच और दोहरा मापदंड’

सीएम साय ने आगे कहा, ‘प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश नारी शक्ति को निर्णय प्रक्रिया के केंद्र में स्थापित कर, उन्हें समान अवसर और सशक्त पहचान देने के संकल्प के साथ आगे बढ़ रहा है. इसके बावजूद कांग्रेस और INDI गठबंधन का यह रुख उनकी संकीर्ण सोच और दोहरे मापदंड को स्पष्ट करता है. देश की माताएं-बहनें सब देख रही हैं और समझ रही हैं. समय आने पर इसका जवाब भी देंगी. नारी सशक्तीकरण की यह यात्रा रुकने वाली नहीं है, हर महिला को उनका अधिकार और सम्मान दिलाकर ही यह संकल्प पूर्ण होगा.’











