CG-शिक्षा विभाग शर्मसार: महिला सहकर्मी पर शारीरिक संबंध का दबाव बनाने का आरोप, बसंतपुर स्कूल के प्राचार्य पर FIR की तैयारी

बलरामपुर, 22 जुलाई 2026। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले से शिक्षा विभाग को लेकर एक गंभीर मामला सामने आया है। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, बसंतपुर के प्राचार्य अनंत कुमार यादव पर एक महिला सहकर्मी ने शारीरिक संबंध बनाने का दबाव डालने और मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। मामले की शिकायत अब पुलिस तक पहुंच गई है।
पीड़िता का आरोप है कि प्राचार्य ने उस पर लगातार शारीरिक संबंध बनाने का दबाव बनाया। उसने इसकी शिकायत पहले शिक्षा विभाग के अधिकारियों से भी की थी, लेकिन कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई।
डीईओ और बीईओ से भी की थी शिकायत
महिला का कहना है कि उसने सबसे पहले जिला शिक्षा अधिकारी (डीईओ) और खंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) को पूरे मामले की लिखित शिकायत दी थी। इसके बावजूद न तो निष्पक्ष जांच कराई गई और न ही आरोपित प्राचार्य के खिलाफ कोई कार्रवाई की गई। पीड़िता का आरोप है कि मामले को दबाने की कोशिश की गई।
न्याय नहीं मिलने पर थाने पहुंची
शिक्षा विभाग से राहत नहीं मिलने पर महिला ने बसंतपुर थाने में प्राचार्य के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस ने शुरू की जांच
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, महिला की शिकायत के आधार पर सभी तथ्यों की जांच की जा रही है। जांच में जो भी साक्ष्य और तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
यह मामला शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, बसंतपुर से जुड़ा बताया जा रहा है। फिलहाल पुलिस और संबंधित विभागीय स्तर पर मामले की जांच जारी है।
