CM साय ने बाबा कर्मेश्वर के दरबार में किया रुद्राभिषेक, बोले- छत्तीसगढ़ के शक्तिपीठों को धार्मिक कॉरिडोर से जोड़ रही सरकार

कर्रा में मंगल भवन की घोषणा; रामलला दर्शन योजना से 50 हजार श्रद्धालु पहुंचे अयोध्या, 19 तीर्थों की यात्रा से 10 हजार को मिला लाभ


बलरामपुर-रामानुजगंज, 26 अगस्त 2026। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय बुधवार को राजपुर विकासखंड के ग्राम कर्रा पहुंचे, जहां उन्होंने श्री महारुद्र यज्ञ एवं शिव पुराण कथा में हिस्सा लिया। मुख्यमंत्री ने प्राचीन बाबा कर्मेश्वर धाम में विधि-विधान से भगवान शिव का रुद्राभिषेक और पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने ग्राम कर्रा में मंगल भवन निर्माण की घोषणा भी की। उन्होंने कहा कि बाबा कर्मेश्वर की कृपा से क्षेत्र लगातार विकास के रास्ते पर आगे बढ़े, इसके लिए राज्य सरकार विकास कार्यों को प्राथमिकता देगी।

‘शक्तिपीठों को धार्मिक कॉरिडोर से जोड़ रही सरकार’

श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए CM साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ धर्म, संस्कृति और आस्था की समृद्ध परंपराओं की भूमि है। प्रदेश में मौजूद प्राचीन शिवालयों, देवी मंदिरों और लोक आस्था के केंद्रों को संरक्षित और विकसित करने का काम किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश के प्रमुख शक्तिपीठों को धार्मिक कॉरिडोर के रूप में जोड़ने की दिशा में काम किया जा रहा है। इससे श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और धार्मिक पर्यटन के साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।

50 हजार श्रद्धालुओं ने किए रामलला के दर्शन

मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ का भगवान श्रीराम से गहरा संबंध है। श्री रामलला दर्शन योजना के तहत अब तक करीब 50 हजार श्रद्धालु अयोध्या पहुंचकर रामलला के दर्शन कर चुके हैं।

उन्होंने बताया कि वरिष्ठ नागरिकों के लिए शुरू की गई तीर्थ दर्शन योजना के तहत देश के 19 प्रमुख तीर्थ स्थलों को शामिल किया गया है। अब तक करीब 10 हजार श्रद्धालु इसका लाभ ले चुके हैं।

ये खबर भी पढ़ें…
Plugin developed by ProSEOBlogger. Get free gpl themes.

बस्तर पर भी बोले CM साय

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बस्तर को नक्सलवाद से मुक्त करने की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता मिली है। उन्होंने कहा कि हिंसा से प्रभावित रहे इलाकों में अब शांति और विकास का नया वातावरण बन रहा है तथा सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली और संचार जैसी सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है।

मां के नाम रोपा रुद्राक्ष का पौधा

बाबा कर्मेश्वर धाम परिसर में मुख्यमंत्री ने ‘एक पेड़ मां के नाम 3.0’ अभियान के तहत अपनी माता श्रीमती जसमनी देवी साय के नाम पर रुद्राक्ष का पौधा लगाया। उन्होंने लोगों से पर्यावरण संरक्षण के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाने की अपील की।

संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल ने भी मंदिर परिसर में बेल का पौधा लगाया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।

cgnews24 Team

CGNews24 Team अनुभवी पत्रकारों और उत्साही लेखकों का एक समर्पित समूह। हमारा लक्ष्य छत्तीसगढ़ के स्थानीय मुद्दों से लेकर देश-दुनिया की प्रमुख घटनाओं की सबसे तेज़, सटीक और निष्पक्ष कवरेज 24x7 आप तक पहुँचाना है। हमसे जुड़ें: संपर्क करें (Email) | हमारी संपादकीय नीति पढ़ें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

होमछत्तीसगढ़ खबरेंराजनीतिWhatsapp