Chhattisgarh News: महामाया मंदिर में युवक की चप्पल से पिटाई, भाजपा नेत्री पद से हटाई गईं, पुलिस ने दर्ज की FIR… ये है पूरा मामला

बिलासपुर। रतनपुर के प्रसिद्ध महामाया मंदिर परिसर में युवक की चप्पल से पिटाई का वीडियो सामने आने के बाद मामला तूल पकड़ता जा रहा है। घटना को लेकर भाजपा संगठन, मंदिर ट्रस्ट और पुलिस ने अपने-अपने स्तर पर कार्रवाई शुरू कर दी है। अब भाजपा ने रतनपुर अल्पसंख्यक मोर्चा की महामंत्री रेहाना बेगम को जांच पूरी होने तक उनके पद से मुक्त कर दिया है।
मामला 22 अगस्त का बताया जा रहा है। मंदिर के पास चोरी के पुराने विवाद को लेकर भाजपा से जुड़े दो पक्ष आमने-सामने आ गए थे। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया और गाली-गलौज शुरू हो गई। इसी दौरान रेहाना बेगम द्वारा दूसरे पक्ष के एक युवक की चप्पल से पिटाई किए जाने का वीडियो सामने आया। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आ गया।
पुराने विवाद ने फिर पकड़ा तूल
बताया जा रहा है कि मंदिर के पास चोरी की एक पुरानी घटना को लेकर दोनों पक्षों के बीच पहले से विवाद चला आ रहा था। 22 अगस्त को इसी विवाद को लेकर दोनों पक्ष आमने-सामने हुए। बहस और गाली-गलौज के बीच विवाद ने उग्र रूप ले लिया।
इसी दौरान महिला मोर्चा अल्पसंख्यक की महामंत्री रेहाना बेगम ने एक युवक की चप्पल से पिटाई कर दी। घटना का वीडियो किसी ने बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
वीडियो वायरल होते ही थाने पहुंचा मामला
वीडियो सामने आने के बाद दोनों पक्षों ने रतनपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक, रेहाना बेगम के खिलाफ SC-ST एक्ट समेत संबंधित धाराओं में अपराध दर्ज किया गया है। रतनपुर थाना प्रभारी नीलेश पांडेय के अनुसार मामले में FIR दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने इस मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किए जाने की भी जानकारी दी है।
मंदिर ट्रस्ट ने भी दिखाई सख्ती
विवाद का असर महामाया मंदिर परिसर की व्यवस्था और माहौल पर भी पड़ा है। मंदिर ट्रस्ट ने सौहार्द बिगाड़ने के आरोप में चार दुकानदारों को एक सप्ताह के भीतर दुकानें हटाने का निर्देश दिया है।
ट्रस्ट की कार्रवाई के बाद अब मंदिर परिसर में विवाद और तनाव की स्थिति को लेकर प्रशासनिक स्तर पर भी नजर रखी जा रही है।
BJP संगठन ने लिया बड़ा फैसला
मामला भाजपा से जुड़े पदाधिकारी से संबंधित होने के कारण संगठन ने भी तत्काल संज्ञान लिया है। भाजपा ग्रामीण जिला अध्यक्ष मोतीलाल जायसवाल ने रतनपुर अल्पसंख्यक मोर्चा की महामंत्री रेहाना बेगम को जांच अवधि तक पद से मुक्त कर दिया है।
संगठन की ओर से कहा गया है कि अनुशासन से जुड़े मामलों में भाजपा तत्काल संज्ञान लेती है। निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने और जांच प्रक्रिया में किसी तरह की बाधा न आए, इसलिए रेहाना बेगम को जांच पूरी होने तक उनके पद से मुक्त किया गया है।
एक वीडियो ने बढ़ा दी सियासी हलचल
महामाया मंदिर जैसे धार्मिक स्थल से जुड़ा मामला होने और घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद विवाद ने राजनीतिक रंग भी ले लिया है। अब पुलिस जांच के साथ-साथ भाजपा संगठन की कार्रवाई पर भी नजर है।
फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों की शिकायतों की जांच कर रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
