Bilaspur News: होटल के बाहर आधी रात हाईवोल्टेज ड्रामा! बिल को लेकर युवती से विवाद, बाउंसरों ने निकाला बाहर, सड़क पर मचा हंगामा

बिलासपुर, 21 सितंबर 2026। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में देर रात एक होटल के बाहर उस वक्त हंगामा मच गया, जब बार के बिल को लेकर एक युवती और होटल प्रबंधन के बीच विवाद हो गया। मामला इतना बढ़ा कि होटल के बाउंसरों ने युवती को बाहर कर दिया। इसके बाद युवती ने होटल के बाहर ही विरोध शुरू कर दिया। कुछ ही देर में मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
घटना हैवन्स पार्क होटल के बाहर की बताई जा रही है। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें होटल के बाहर युवती और होटल प्रबंधन के बीच विवाद की स्थिति दिखाई दे रही है।
बार में बिल को लेकर बिगड़ी बात
जानकारी के मुताबिक, युवती होटल के बार में गई थी। वहां खाने-पीने के बाद बिल को लेकर उसका होटल प्रबंधन से विवाद हो गया। शुरुआत में हुई कहासुनी देखते ही देखते बढ़ गई।
मामला बढ़ने के बाद होटल के बाउंसरों ने युवती को बार से बाहर कर दिया। इसके बाद विवाद होटल परिसर से निकलकर सड़क तक पहुंच गया।
होटल के बाहर युवती का विरोध, मौके पर जुटी भीड़
होटल से बाहर निकाले जाने के बाद युवती ने वहां भी विरोध जारी रखा। देर रात होटल के बाहर काफी देर तक हंगामा चलता रहा। आवाजाही कर रहे लोगों और आसपास मौजूद लोगों की भीड़ भी मौके पर जमा हो गई। हंगामे की सूचना पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को शांत कराने का प्रयास किया।
पुलिस के सामने भी बनी रही विवाद की स्थिति
पुलिस के पहुंचने के बाद भी कुछ देर तक युवती और होटल प्रबंधन के बीच विवाद की स्थिति बनी रही। पुलिसकर्मी मौके पर मौजूद लोगों को समझाते और स्थिति नियंत्रित करते नजर आए। बाद में युवती अपनी गाड़ी में बैठकर मौके से चली गई, जिसके बाद होटल के बाहर स्थिति सामान्य हुई।
VIDEO सामने आने के बाद मामला चर्चा में
देर रात होटल के बाहर हुए हंगामे का वीडियो सामने आने के बाद यह मामला चर्चा में है। वीडियो में होटल के बाहर लोगों की भीड़ और विवाद की स्थिति दिखाई दे रही है।
फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटा रही है। जांच का मुख्य बिंदु यह है कि बिल को लेकर विवाद की शुरुआत आखिर किस बात पर हुई और युवती को होटल से बाहर निकालने की नौबत क्यों आई। पुलिस की जांच और दोनों पक्षों के बयान के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक वजह और घटनाक्रम की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
