CG-शादी का झांसा देकर युवती का दैहिक शोषण, नौकरी लगाने के नाम पर 12-13 लाख की ठगी; पत्नी समेत आरोपी हरियाणा से गिरफ्तार

बिलासपुर। शादी का झांसा देकर युवती का दैहिक शोषण करने और नौकरी लगाने के नाम पर लाखों रुपये की नगदी व सोने-चांदी के जेवर लेने के आरोप में फरार चल रहे युवक को तोरवा पुलिस ने उसकी पत्नी समेत हरियाणा से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को बल्लभगढ़ से पकड़ा। पूछताछ और कानूनी कार्रवाई के बाद दोनों को 9 अगस्त को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
पुलिस के मुताबिक, कोरबा निवासी युवती ने 9 मार्च 2026 को तोरवा थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। युवती की पहचान मैट्रिमोनियल वेबसाइट ‘शादी डॉट कॉम’ के माध्यम से पामगढ़ निवासी पवन कुमार यादव से हुई थी।
आरोप है कि पवन कुमार यादव ने खुद को अविवाहित बताते हुए युवती को अपने विश्वास में लिया। इसके बाद शादी का भरोसा देकर उसके साथ दैहिक संबंध बनाए। युवती को शादी का भरोसा बना रहा, लेकिन बाद में आरोपी ने नौकरी लगाने के नाम पर उससे रकम और जेवर लेना शुरू कर दिया।
नौकरी का झांसा देकर लाखों रुपये और जेवर लिए
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने युवती को नौकरी लगवाने का झांसा दिया और इस बहाने उससे नगदी के अलावा सोने-चांदी के जेवर भी लिए। ठगी गई नगदी और जेवरों की कुल कीमत करीब 12 से 13 लाख रुपये बताई गई है।
शिकायत दर्ज होने के बाद पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की, लेकिन वह लगातार फरार रहा। पुलिस के मुताबिक आरोपी अपनी पत्नी नवीता यादव के साथ अलग-अलग ठिकानों पर रहकर पुलिस से बचने की कोशिश कर रहा था।
ससुराल में कई बार दी दबिश, नहीं मिला आरोपी
आरोपी की तलाश में तोरवा पुलिस ने पामगढ़ और सरकंडा स्थित उसके ससुराल में भी कई बार दबिश दी, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। आरोपी का मोबाइल फोन भी बंद था। लगातार फरार रहने के कारण पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी के लिए 5 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया था।
पत्नी के बैंक खाते से मिला हरियाणा का सुराग
आरोपी की तलाश के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर उसके मोबाइल नंबर और बैंक खातों की जांच शुरू की। जांच में आरोपी के ज्यादातर बैंक खाते बंद मिले। हालांकि उसकी पत्नी नवीता यादव के एक बैंक खाते में लगातार लेन-देन होने की जानकारी मिली।
पुलिस ने बैंक खाते के ट्रांजेक्शन की बारीकी से जांच की तो बल्लभगढ़, हरियाणा में रकम निकाले जाने का सुराग मिला। इसके बाद पुलिस टीम दिल्ली-हरियाणा क्षेत्र पहुंची और आरोपी की तलाश शुरू की।
च्वाइस सेंटर से मिला अहम सुराग
जांच के दौरान पुलिस को उस च्वाइस सेंटर की जानकारी मिली, जहां से आरोपी ने रकम निकाली थी। वहां से मिले सुराग और तकनीकी जानकारी के आधार पर पुलिस आरोपी तक पहुंचने में सफल रही।
इसके बाद पुलिस ने पवन कुमार यादव और उसकी पत्नी नवीता यादव को बल्लभगढ़, हरियाणा से गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपियों को बिलासपुर लाया गया और 9 अगस्त को न्यायालय में पेश किया गया। न्यायालय के आदेश के बाद दोनों को जेल भेज दिया गया।
गिरफ्तार आरोपी
पवन कुमार यादव, उम्र 34 वर्ष, निवासी ग्राम डुडंगा, थाना पामगढ़, जिला जांजगीर-चांपा। नवीता यादव, उम्र 30 वर्ष, पत्नी पवन कुमार यादव, निवासी ग्राम डुडंगा, थाना पामगढ़, जिला जांजगीर-चांपा। तोरवा पुलिस ने मामले में अपराध क्रमांक 138/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 69, 318(4) और 3(5) के तहत कार्रवाई की है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच में सामने आए तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
