छत्तीसगढ़ खबरें

CG News: EOW-ACB का प्रदेश भर में छापा; ज्वेलर्स, कोल कारोबारी और रेत कारोबारी के ठिकानों पर एक साथ रेड, खंगाले जा रहे दस्तावेज


रायपुर। छत्तीसगढ़ में आर्थिक अपराध और भ्रष्टाचार से जुड़े मामलों की जांच कर रही आर्थिक अपराध अन्वेषण शाखा (EOW) और एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने शुक्रवार सुबह प्रदेश के कई जिलों में एक साथ छापेमार कार्रवाई शुरू की। रायपुर, राजिम, नवापारा, राजनांदगांव और बिलासपुर में अलग-अलग कारोबारियों के ठिकानों पर जांच टीमों की दबिश से कारोबारी जगत में हलचल मच गई है। कार्रवाई के दौरान सोना-चांदी और कपड़ा कारोबार से जुड़े प्रतिष्ठानों से लेकर कोयला और रेत खनन कारोबारियों के ठिकानों की जांच की जा रही है।

शुरुआती जानकारी के मुताबिक, यह कार्रवाई कोल लेवी स्कैम और उससे जुड़े आर्थिक लेनदेन की जांच के सिलसिले में की जा रही है। हालांकि, सभी ठिकानों पर छापे की एक जैसी वजह है या अलग-अलग मामलों के इनपुट पर कार्रवाई की जा रही है, इसे लेकर जांच एजेंसियों की ओर से आधिकारिक स्थिति स्पष्ट होना बाकी है।

राजिम-नवापारा में सोना-चांदी और कपड़ा कारोबारी के प्रतिष्ठानों पर दबिश

राजिम और नवापारा में EOW-ACB की संयुक्त टीम ने सोना-चांदी और कपड़ा कारोबारी राजा पारख तथा विमल पारख से जुड़े ठिकानों पर छापेमारी की है। जानकारी के अनुसार, कारोबारियों के प्रतिष्ठान शांति विजय और नवकार ज्वेलर्स में जांच चल रही है। सुबह से पहुंची टीम दुकानों और संबंधित ठिकानों पर कारोबारी दस्तावेजों तथा लेनदेन से जुड़े रिकॉर्ड की पड़ताल कर रही है।

बताया जा रहा है कि राजा पारख और विमल पारख का सोना, चांदी और कपड़े का कारोबार है। इस कार्रवाई को कोल लेवी स्कैम से जुड़े कथित आर्थिक लेनदेन की जांच से जोड़कर देखा जा रहा है।

राजनांदगांव में रेत कारोबारी वैभव गोलछा के ठिकानों पर छापा

राजनांदगांव में भी EOW-ACB की टीम ने रेत खनन कारोबार से जुड़े वैभव गोलछा के ठिकानों पर दबिश दी है। करीब 10 सदस्यीय टीम द्वारा जांच किए जाने की जानकारी सामने आई है। टीम कारोबारी गतिविधियों और संबंधित दस्तावेजों की पड़ताल कर रही है। इस कार्रवाई को लेकर विस्तृत जानकारी और आधिकारिक बयान का इंतजार है।

बिलासपुर के अलका एवेन्यू में कोयला कारोबारी शाहबाज खान के यहां जांच

बिलासपुर में संयुक्त जांच टीम ने उसलापुर स्थित अलका एवेन्यू में कोयला कारोबारी शाहबाज खान के ठिकाने पर सुबह-सुबह दबिश दी। रायपुर से पहुंची टीम के आधा दर्जन से अधिक अधिकारियों ने परिसर में प्रवेश कर जांच शुरू की। कार्रवाई के दौरान परिसर का दरवाजा बंद कर दिया गया और अधिकारियों ने दस्तावेजों तथा दूसरे कारोबारी रिकॉर्ड की पड़ताल की।

ये खबर भी पढ़ें…
Plugin developed by ProSEOBlogger. Get free gpl themes.

सुबह के वक्त हुई इस कार्रवाई की आसपास के लोगों को भी शुरुआत में जानकारी नहीं हो सकी। टीम काफी देर तक अंदर रहकर जांच करती रही।

कई जिलों में एक साथ कार्रवाई से कारोबारियों में हलचल

EOW और ACB की इस संयुक्त कार्रवाई में अलग-अलग क्षेत्रों से जुड़े कारोबारियों के ठिकाने जांच के दायरे में आए हैं। सोना-चांदी, कपड़ा, कोयला और रेत खनन कारोबार से जुड़े प्रतिष्ठानों पर एक साथ पहुंची टीमों ने आर्थिक लेनदेन और दस्तावेजों की जांच शुरू की है।

फिलहाल छापेमारी में क्या-क्या दस्तावेज या अन्य सामग्री मिली है, इसका आधिकारिक खुलासा नहीं हुआ है। जांच एजेंसियों की ओर से विस्तृत जानकारी सामने आने के बाद कार्रवाई के दायरे और इसके पीछे की वजहों को लेकर स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।

cgnews24 Team

CGNews24 Team अनुभवी पत्रकारों और उत्साही लेखकों का एक समर्पित समूह। हमारा लक्ष्य छत्तीसगढ़ के स्थानीय मुद्दों से लेकर देश-दुनिया की प्रमुख घटनाओं की सबसे तेज़, सटीक और निष्पक्ष कवरेज 24x7 आप तक पहुँचाना है। हमसे जुड़ें: संपर्क करें (Email) | हमारी संपादकीय नीति पढ़ें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

होमछत्तीसगढ़ खबरेंराजनीतिWhatsapp