CG-महिला डॉक्टर गिरफ्तार; शादी का झांसा, यौन शोषण और फिर गर्भपात…नाबालिग का गर्भपात कराने वाली महिला डॉक्टर गिरफ्तार
नाबालिग होने की जानकारी के बावजूद कराया गर्भपात, पुलिस को भी नहीं दी घटना की सूचना; साक्ष्य मिटाने के आरोप में न्यायिक रिमांड पर भेजी गई आरोपी डॉक्टर

बिलासपुर। नाबालिग से जुड़े यौन अपराध के एक गंभीर मामले में बिलासपुर पुलिस ने महिला डॉक्टर को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि डॉक्टर ने पीड़िता के नाबालिग होने की जानकारी के बावजूद उसका गर्भपात कराया। इसके बाद गर्भपात से निकले भ्रूण को कथित तौर पर महत्वपूर्ण साक्ष्य जानते हुए अरपा नदी में नष्ट कर दिया। इतना ही नहीं, कानूनन सूचना देना जरूरी होने के बावजूद पुलिस को घटना की जानकारी भी नहीं दी गई। पुलिस ने आरोपी डॉक्टर को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
मामला तोरवा थाना क्षेत्र का है। पुलिस के मुताबिक, बुधवारी निवासी गणेश सोनी (30) पर दिसंबर 2023 से नाबालिग को शादी का झांसा देकर लगातार शारीरिक संबंध बनाने का आरोप है। इसी दौरान बच्ची गर्भवती हो गई। आरोप है कि गणेश सोनी ने महिला डॉक्टर की मदद से अस्पताल में उसका गर्भपात कराया था।
जांच में सामने आई महिला फिजियोथैरेपिस्ट की भूमिका
मुख्य आरोपी गणेश सोनी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने गर्भपात कराने में मदद करने वाली महिला की भूमिका की जांच शुरू की। इसी दौरान उसलापुर निवासी सुब्धा मसीह (43) से पूछताछ की गई। पुलिस का दावा है कि जांच में गर्भपात कराने और साक्ष्य नष्ट करने में उसकी संलिप्तता के महत्वपूर्ण साक्ष्य मिले।
विवेचना में सामने आया कि आरोपी महिला को पीड़िता की उम्र की जानकारी थी। इसके बावजूद उसने गर्भपात कराया। आरोप है कि गर्भपात के बाद भ्रूण को अरपा नदी में नष्ट करने की कार्रवाई भी की गई। इसके अलावा घटना की जानकारी पुलिस को नहीं दी गई।
13 नवंबर को हुई गिरफ्तारी, न्यायिक रिमांड पर भेजी गई
पुलिस ने पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद 13 नवंबर 2026 को सुब्धा मसीह को गिरफ्तार किया। इसके बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
तोरवा थाने में अपराध क्रमांक 551/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 65(1), 351(3), 89, 238 और 3(5) के साथ पॉक्सो एक्ट की धारा 4(2), 5(ठ), 6 और 21 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।
