CG Crime News: सट्टा लिखने के दौरान दो पक्षों में जमकर मारपीट, काउंटर FIR के बाद घायल युवक ने जहर खाकर की खुदकुशी की कोशिश
बालोद. छत्तीसगढ़ के बालोद जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां सट्टा लिखने को लेकर शुरू हुआ विवाद मारपीट तक पहुंच गया और बाद में एक युवक ने आत्महत्या की कोशिश कर ली। फिलहाल युवक की हालत गंभीर बनी हुई है और उसका इलाज जिला अस्पताल में जारी है।
मामला बालोद थाना क्षेत्र का है। जानकारी के अनुसार, दो दिन पहले चुरामन साहू नाम का युवक सट्टा नंबर लिखाने बालोद शहर के रेलवे कॉलोनी स्थित एक दुकान पर पहुंचा था। दुकान नजीर खान और फैज खान संचालित करते हैं। इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते विवाद और फिर मारपीट में बदल गई।
आरोप है कि नजीर खान और फैज खान ने अपने माता-पिता के साथ मिलकर युवक की बेरहमी से पिटाई कर दी, जिससे उसे नाक समेत शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। घटना के दौरान युवक ने खुद वीडियो भी बना लिया, जो अब जांच का अहम हिस्सा बन सकता है।
घटना के बाद चुरामन साहू ने थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिस पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया। वहीं, दूसरे पक्ष ने भी युवक पर मारपीट का आरोप लगाते हुए काउंटर FIR दर्ज कराई है।
बताया जा रहा है कि काउंटर FIR दर्ज होने से आहत युवक ने जहर सेवन कर आत्महत्या की कोशिश की। हालत बिगड़ने पर परिजनों ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज जारी है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और दोनों पक्षों के बयानों के आधार पर आगे की कार्रवाई की बात कही जा रही है।










