CG ACB Action: रिश्वतखोरों पर कसता शिकंजा; दो बाबू और एक ASI के खिलाफ कोर्ट में चार्जशीट पेश, जानिए पूरा मामला

रायपुर/बिलासपुर: छत्तीसगढ़ में भ्रष्टाचार के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति के तहत एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) लगातार ताबड़तोड़ कार्रवाई कर रही है। बिलासपुर एसीबी की टीम ने रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़े गए तीन सरकारी कर्मचारियों के खिलाफ विशेष न्यायालयों में अभियोग पत्र (Charge Sheet) दाखिल कर दिया है।
एसीबी की रडार पर आए इन आरोपियों में दो लिपिक (बाबू) और एक सहायक उपनिरीक्षक (ASI) शामिल हैं। आइए सिलसिलेवार ढंग से समझते हैं कि इन तीनों ने किस तरह और कहाँ रिश्वतखोरी का खेल रचा था।
केस 1: पोड़ी उपरोड़ा में 40 हजार की घूस लेते धराया था बाबू
-
आरोपी का नाम व पद: प्रदीप मिश्रा (बाबू), कार्यालय ब्लॉक शिक्षा अधिकारी (BEO) पोड़ी उपरोड़ा, जिला कोरबा।
-
रिश्वत की राशि: ₹40,000 नगद।
-
शिकायतकर्ता: अमृतलाल बघेल।
-
आरोपी बाबू प्रदीप मिश्रा ने प्रार्थी से काम के एवज में मोटी रकम की मांग की थी। बीते 29 मई को एसीबी बिलासपुर की टीम ने जाल बिछाकर उसे 40 हजार रुपये की घूस लेते रंगे हाथों दबोचा था।
-
आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम (PC Act) की धारा 7 के तहत मामला दर्ज किया गया था। एसीबी ने आज विशेष न्यायालय (पीसी एक्ट), जिला कोरबा के समक्ष अपना पुख्ता अभियोग पत्र पेश कर दिया है।
केस 2: ADM कार्यालय बिलासपुर में चल रहा था ‘कमीशन का खेल’
-
आरोपी का नाम व पद: विजय पाण्डेय (बाबू), कार्यालय अतिरिक्त जिला दण्डाधिकारी (ADM) बिलासपुर।
-
रिश्वत की राशि: ₹15,000 नगद।
-
शिकायतकर्ता: देवेन्द्र कश्यप।
-
जिला मुख्यालय में ही भ्रष्टाचार का यह खेल चल रहा था। 10 मई को प्रार्थी देवेन्द्र कश्यप की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए एसीबी की टीम ने एडीएम दफ्तर के बाबू विजय पाण्डेय को 15 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया था।
-
इस मामले में भी धारा 7 (पी.सी. एक्ट) के तहत कार्रवाई को आगे बढ़ाते हुए आज विशेष न्यायालय (पीसी एक्ट), जिला बिलासपुर के समक्ष चालान पेश कर दिया गया है।
केस 3: चंद्रपुर थाने का ASI भी चढ़ा था हत्थे
-
आरोपी का नाम व पद: एस.एन. मिश्रा, सहायक उप निरीक्षक (ASI), थाना चंद्रपुर, जिला सक्ती।
-
रिश्वत की राशि: ₹20,000 नगद।
-
शिकायतकर्ता: शिव बरेठ।
-
खाकी को दागदार करने का यह मामला सक्ती जिले का है। 10 मई को ही एक अन्य कार्रवाई में चंद्रपुर थाने में पदस्थ एएसआई एस.एन. मिश्रा को प्रार्थी शिव बरेठ से 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए ट्रैप किया गया था।
-
एसीबी ने कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए आज विशेष न्यायालय (पीसी एक्ट), जिला जांजगीर-चांपा के समक्ष आरोपी एएसआई के खिलाफ अभियोग पत्र दाखिल कर दिया है।
एसीबी की माने तो भ्रष्टाचार के मामलों में साक्ष्यों को इतनी मजबूती से जुटाया गया है कि आरोपियों को सख्त से सख्त सजा मिल सके। आने वाले दिनों में कुछ और बड़े मामलों में भी चालान पेश किए जा सकते हैं।
