‘मुस्कुराता बस्तर’ कार्टून कार्यशाला से उभरेगी बस्तर की सकारात्मक तस्वीर, स्कूली विद्यार्थियों को मिलेगा वरिष्ठ कार्टूनिस्टों का प्रशिक्षण

रायपुर, 28 जुलाई 2026। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के विकसित और सकारात्मक बस्तर के विजन को रचनात्मक अभिव्यक्ति देने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ जनसंपर्क विभाग के सहयोग से देश की एकमात्र मासिक कार्टून पत्रिका कार्टून वॉच द्वारा जगदलपुर में स्कूली विद्यार्थियों के लिए ‘मुस्कुराता बस्तर’ थीम पर विशेष कार्टून कार्यशाला आयोजित की जाएगी।
कार्यशाला का उद्देश्य विद्यार्थियों को कार्टून और कैरिकेचर कला का प्रशिक्षण देने के साथ-साथ बस्तर की समृद्ध संस्कृति, पर्यटन, लोकजीवन और सकारात्मक बदलावों को रचनात्मक रूप से चित्रित करने के लिए प्रेरित करना है।
कार्यक्रम के तहत दिल्ली के वरिष्ठ कार्टूनिस्ट माधव जोशी और पुणे के प्रसिद्ध कैरिकेचर कलाकार शुभम जिंदे विद्यार्थियों को लाइव डेमो के माध्यम से ऑन-द-स्पॉट कार्टून और कैरिकेचर बनाने का प्रशिक्षण देंगे। साथ ही वे कार्टून कला के सामाजिक, रचनात्मक और रोजगारपरक पहलुओं से भी विद्यार्थियों को परिचित कराएंगे।
कार्टून वॉच के संपादक त्र्यंबक शर्मा ने बताया कि ‘मुस्कुराता बस्तर’ की थीम बस्तर की सकारात्मक पहचान को कार्टून कला के माध्यम से देशभर तक पहुंचाने का प्रयास है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में बस्तर विकास, पर्यटन और सांस्कृतिक पहचान के नए आयाम स्थापित कर रहा है। चित्रकोट और तीरथगढ़ जलप्रपात, कांगेर घाटी राष्ट्रीय उद्यान, बस्तर दशहरा तथा अन्य लोकपर्व आज बस्तर की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और प्राकृतिक सौंदर्य के प्रमुख प्रतीक बन चुके हैं।
कार्यशाला के माध्यम से स्थानीय प्रतिभाओं को अपनी रचनात्मक क्षमता प्रदर्शित करने का मंच मिलेगा। साथ ही नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति, लोक परंपराओं और प्राकृतिक धरोहर से जोड़ने का यह एक अभिनव प्रयास माना जा रहा है। ‘मुस्कुराता बस्तर’ अभियान के जरिए बस्तर की सकारात्मक छवि को कला के माध्यम से राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाने का प्रयास किया जाएगा।
